वोट कटवाने वालों पर सपा कराएगी एफआईआर : अरविंद सिंह गोप

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

बाराबंकी, अमृत विचार। एसआईआर प्रक्रिया के तहत फॉर्म-7 के माध्यम से पात्र मतदाताओं के फर्जी तरीके से वोट काटने की कोशिश करने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराकर जेल भिजवाया जाएगा। किसी भी मतदाता के साथ भेदभाव नहीं होने दिया जाएगा। यह बात समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव व एसआईआर प्रभारी, पूर्व कैबिनेट मंत्री अरविंद कुमार सिंह गोप ने जिला सपा कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में कही। 

गोप ने कहा कि फॉर्म-7 के जरिए पीडीए वर्ग, विशेषकर अल्पसंख्यकों के वोट कटवाने की साजिश की जा रही है और प्रदेश की लगभग हर विधानसभा से इसकी शिकायतें मिल रही हैं। समाजवादी पार्टी ने चुनाव आयोग को लिखित शिकायतें दी है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।

उन्होंने फॉर्म-7 की धांधली रोकने के लिए डाउनलोडेड फॉर्म के सत्यापन की वैकल्पिक व्यवस्था, प्रत्येक फॉर्म पर नंबरिंग, कागजी फॉर्म पर निर्वाचन आयोग का होलोग्राम, अब तक जमा सभी फॉर्म-7 को निरस्त करने, हस्ताक्षरों की न्यायिक जांच, एआई के माध्यम से जांच, सीसीटीवी फुटेज निकलवाने और दोषियों पर साजिश व धारा 420 के तहत मुकदमा दर्ज करने की मांग की।

उन्होंने कहा कि वोट लोकतंत्र का सबसे बड़ा अधिकार है और इससे फर्जी तरीके से वंचित करना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कार्रवाई न होने पर समाजवादी पार्टी सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगी। प्रेस वार्ता में जिला अध्यक्ष हाफिज अयाज अहमद, विधायक रामनगर फरीद महफूज किदवाई, सदर विधायक धर्मराज सिंह उर्फ सुरेश यादव, पूर्व विधायक रामगोपाल रावत, राम मगन रावत, पूर्व विधान परिषद सदस्य राजेश यादव ‘राजू’ सहित अन्य नेताओं ने प्रशासन व चुनाव आयोग से तत्काल कड़ी कार्रवाई की मांग की। प्रेस वार्ता में जिला महासचिव हिमांशु यादव, जिला प्रवक्ता/मीडिया प्रभारी वीरेंद्र प्रधान सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

संबंधित समाचार