Bareilly: युवक की हत्या, बंद रेलवे क्वार्टर में मिला शव, तीन दोस्तों पर गहराई शक की सुई 

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

बरेली, अमृत विचार। ब्यूटी पार्लर पर काम करने वाले युवक का शव बंद पड़े रेलवे क्वार्टर में मिला। उसके चेहरे, माथे, गले पर चोटों के निशान हैं। होठ भी फटा है। पीटकर हत्या की आशंका जताई गयी है। मंगलवार को वह अपने तीन दोस्तों के साथ था। पुलिस ने उन्हीं दोस्तों के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।

बुधवार सुबह करीब 10 बजे सिटी स्टेशन के पास बंद रेलवे क्वार्टर में एक युवक का शव मिलने पर कोतवाली पुलिस पहुंची। आसपास के लोगों से शव की शिनाख्त के प्रयास किए। काफी देर तक पहचान नहीं हुई। दोपहर के बाद युवक की पहचान अमन रजा के रूप में हुई। किला थाना क्षेत्र के मलूकपुर जुग्गन वाली गली निवासी मो. शकील ने बताया कि उसकी 24 वर्षीय भाई अमन से मंगलवार की शाम 7 बजकर 14 मिनट पर बात हुई थी। उसने बताया कि वह सिटी पर है थोड़ी देर में घर आ जाएगा। उसके बाद परिजनों ने रात 11 बजे फोन किया तो मोबाइल बंद आ रहा था। पूरी रात वह घर पर नहीं आया तो परिजनों को चिंता हुई। उसकी तलाश की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा।

शकील ने बताया कि बुधवार की सुबह अमन के दोस्तों हिमांशु, नितिन और हैदर से फोन पर बात की। हिमांशु ने बताया कि नितिन, अमन और हैदर उसके घर पर आए थे। थोड़ी देर बाद तीनों चले गए। नितिन ने बताया कि हैदर और अमन को ईंट पजाया चौराहे पर छोड़ दिया था। वहीं हैदर ने बताया कि अमन को शहामतगंज चौराहे पर छोड़ दिया था। दोपहर में परिजन शहर कोतवाली पहुंचे। वहां बताया कि गया कि सिटी स्टेशन के पास युवक की लाश मिली है। परिजन मौके पर पहुंचे तो पता लगा शव अमन रजा का है। कोतवाली इंस्पेक्टर धनंजय पांडे ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर तीनों दोस्तों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह स्प्ष्ट हो सकेगी जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

दुर्गंध आने पर पुलिस को दी सूचना
सिटी स्टेशन के क्वार्टर नंबर टी-16 में काफी समय से ताला पड़ा था। बुधवार दोपहर सेक्शन इंजीनियर संजीव कुमार भारती ने दुर्गंध आने पर जानकारी कोतवाली पुलिस को दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और क्वार्टर खुलवाकर अंदर देखा तो युवक का शव पड़ा था। चेहरे पर चोट के निशान थे और खून निकल रहा था। इंस्पेक्टर जीआरपी बरेली सिटी मौके पर पहुंच गए, लेकिन घटना स्थल सिविल क्षेत्र में होने के चलते शव सिविल पुलिस को सौंप दिया। इसके बाद कोतवाली के अपराध निरीक्षक आदेश कुमार, बिहारीपुर चौकी प्रभारी शिवम और फील्ड यूनिट की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।

संबंधित समाचार