सीएम योगी की सख्ती के बाद टूटी पुलिस की नींद, चाइनीज मांझे की धरपकड़ का चला अभियान

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

भंडारण, बिक्री व उपयोग मिला तो होगी गिरफ्तारी

लखनऊ, अमृत विचार: चाइनीज मांझे से एमआर मोहम्मद शोएब की मौत के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सख्त रूख अपनाया। सीएम के निर्देश मिलने के बाद गुरुवार को लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट के अधिकारी सड़क पर उतरे। पुलिस अधिकारियों ने फोर्स के साथ पुराने लखनऊ के विभिन्न इलाकों के अलावा शहर भर की पतंग की दुकानों पर चाइनीज मांझे की तलाश में छापेमारी की। हालांकि शाम तक चले छापेमारी अभियान के दौरान पुलिस को कहीं भी चाइनीज मांझा नहीं मिला।

गुरुवार को जेसीपी कानून एवं व्यवस्था बबलू कुमार ने कमिश्नरेट के पांच जोन के डीसीपी से लेकर चौकी प्रभारी तक को टीमें बनाकर पतंग की दुकानों पर छापेमारी के निर्देश दिए। डीसीपी पश्चिम विश्वजीत श्रीवास्तव व एडीसीपी पश्चिम धनंजय कुशवाहा ने इंस्पेक्टर बाजारखाला बृजेश सिंह के साथ पुत्तन खां कर्बला के पास जाली काइट दुकान पर छापेमारी की। दुकान में तलाशी ली गयी लेकिन कुछ नहीं मिला। इसके अलावा बाजारखाला इलाके में पांच अन्य दुकानों को भी सर्च किया, लेकिन पतंग और सद्दी के अलावा कुछ नहीं मिला।

MUSKAN DIXIT (10)

इसके बाद डीसीपी ने सआदतगंज इंस्पेक्टर संतोष आर्या के साथ कश्मीरी मोहल्ले स्थित अब्दुल हामिद की पतंग मांझे की दुकान की तलाशी ली, लेकिन चाइनीज मांझा नहीं मिला। इसके अलावा चौक, अकबरी गेट के आगे, ठाकुरगंज, हुसैनाबाद, वजीरबाग, हुसैनगंज, बाबूगंज, मदेयगंज, खदरा और काकोरी कस्बा के कई इलाकों में छापेमारी हुई। वहीं, इंस्पेक्टर चिनहट दिनेश चंद्र मिश्रा ने चिनहट कस्बा, कमता, मटियारी समेत अन्य इलाकों में स्थित दुकानों पर छापेमारी की। शाम तक चली छापेमारी में किसी दुकान से चाइनीज मांझे की बरामदगी नहीं हुई।

MUSKAN DIXIT (11)

छापेमारी से पहले ठिकाने लगाया गया चाइनीज मांझा

लोगों का कहना है कि बुधवार को हुई घटना के बाद पतंग दुकानदारों ने दुकानों से चाइनीज मांझा हटा दिया। पुलिस की छापेमारी से पूर्व ही उसे ठिकाने लगा दिया गया। इस कारण पुलिस को किसी भी दुकान से चाइनीज मांझा नहीं मिला। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गुरुवार को भी रिटायर्ड सैन्यकर्मी चाइनीज मांझे से घायल हुआ। इससे यह साफ है कि चाइनीज मांझा मार्केट में है, लेकिन पुलिस की सख्ती देख उसे हटा दिया गया है।

MUSKAN DIXIT (12)

ऑनलाइन बिक्री पर साइबर सेल की नजर

चाइनीज मांझे से हुए हादसों और इसके प्रतिबंध के चलते लोगों ने इसकी खरीदारी और बिक्री ऑनलाइन शुरू कर दी है। यह जानकारी मिलने के बाद अधिकारियों ने साइबर क्राइम सेल और सर्विलांस को भी जांच टीम में शामिल कर लिया है। साइबर सेल को निर्देश दिया गया है कि ऑनलाइन कंपनी के माध्यम से इसकी बिक्री पर नजर रखे हैं। अगर कोई बिक्री या खरीदारी करता है तो उसे गिरफ्तार किया जाए।

हैदरगंज में हुई घटना के मद्देनजर तीन दिनों के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। सभी डीसीपी से लेकर चौकी प्रभारियों तक को निर्देश दिए गए हैं कि अगर कहीं भी चाइनीज मांझे का भंडारण, बिक्री और उपयोग हो रहा है तो उसे चिंह्नित कर उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई करें। प्रतिबंधित मांझे की बिक्री कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कड़ी कार्रवाई होगी। -बबलू कुमार, जेसीपी कानून एवं व्यवस्था

संबंधित समाचार