बाराबंकी : बेटी की विदाई से पहले पिता की अचानक मौत, परिवार में मातम

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

त्रिवेदीगंज/बाराबंकी, अमृत विचार। एक ओर परिवार में हंसी खुशी का माहौल क्योंकि आने वाली 5 फरवरी को नाजो पली बेटी का ब्याह होने वाला था पर एक घटना सारी खुशियों को ग्रहण लगा गई, वहीं परिवार में मातम पसर गया। दहेज में देने के लिए खरीदी बाइक लेकर घर जा रहे पिता की रास्ते में अचानक मौत हो गई। 

लोनीकटरा थाना क्षेत्र के भिलवल चौराहे पर शुक्रवार शाम एक हृदयविदारक घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। बेटी के विवाह की खुशियां संजोए एक पिता की जिंदगी अचानक थम गई। थाना क्षेत्र के मंझार गांव निवासी महेश केवट (45) अपनी पुत्री के विवाह की तैयारियों में जुटे हुए थे। उनकी बेटी की शादी आगामी 5 फरवरी को तय थी। इसी क्रम में शुक्रवार शाम करीब तीन बजे वह भिलवल चौराहे पर बाइक खरीदने पहुंचे। 

बाइक लेकर जब वह लखनऊ–सुल्तानपुर हाईवे से गुजर रहे थे, तभी अचानक उनके सीने में तेज दर्द उठा। दर्द से बेहाल महेश सड़क किनारे बैठ गए। यह देख आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल एम्बुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंची एम्बुलेंस टीम ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। 

घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। जिस घर में बेटी की शादी की तैयारियों को लेकर चहल-पहल थी, वहां मातम छा गया। ग्रामीणों की आंखें भी नम हो गईं, कहां एक ओर शहनाई बजने की तैयारी थी, वहां परिजनों के चेहरों की रंगत ही उड़ गई।

संबंधित समाचार