Moradabaad : गुड फ्राइडे पर चर्चों में हुई विशेष प्रार्थना, यीशू के वचनों को समझाया
फिलिप्स मेमोरियल मेथोडिस्ट चर्च में जुटे ईसाई समाज के लोग, की आराधना
मुरादाबाद, अमृत विचार। गुड फ्राइडे पर चर्चों में विशेष प्रार्थना सभा की गई। वक्ताओं ने प्रभु यीशू मसीह के द्वारा कहे गए अंतिम सात वचनों को विस्तार से समझा कर उसके पालन के प्रति संकल्प दिलाया गया।
शहर स्थित फिलिप्स मेमोरियल मेथोडिस्ट चर्च में गुड फ्राइडे (धन्य शुक्रवार) को विशेष प्रार्थना सभा व आराधना की गई। आराधना का संचालन रेव्ह अनिल सी लाल द्वारा कराई गई। बाईबल पाठ सुमित विल्सन ने किया। प्रार्थना अर्पणा मेन्सन ने कराई। चर्च क्वायर द्वारा कुर्बा हुआ, कुर्बा हुआ, मेरे लिए और मेरे गुनाह धुल गए, तेरे लहू की धार से को गाया गया। वक्ताओं ने बताया कि इस दिन प्रभु यीशू ने सारे संसार के पापों को अपने ऊपर लेकर क्रूस पर अपने प्राणों को परमपिता परमेश्वर के हाथों में सौंपकर अपने जीवन को मानव जाति के उद्धार के लिए बलिदान कर दिया था।
क्रूस पर उनके द्वारा कहे अंतिम सात वचनों को विभिन्न वक्ताओं ने समझाया। रेव्ह अनिल सी लाल ने बताया कि यीशू का पहला वचन था कि हे पिता इन्हें क्षमा कर, क्योंकि यह नहीं जानते कि यह क्या करते हैं। दूसरे वक्ता बेन्हर एंथनी ने बताया कि दूसरा वचन आज ही तू मेरे साथ स्वर्गलोक में होगा। इसी प्रकार अन्य वक्ताओं कुसुम सिंह, रेव्ह रोहित सैनी, जॉनसन जेम्स, मेजर एसके नैथन, रेव्ह ब्रिजेश मैनसल आदि ने अन्य पांचों वचनों को समझाया।
वक्ताओं ने इन सातों वचनों के माध्यम से समझाया कि किस प्रकार क्रूस पर लटकाने के बाद भी प्रभु यीशू ने उन लोगों के लिए क्षमा मांगी। प्रार्थना व आराधना के अंत में आशीष वचन रेव्ह ब्रिजेश मैनसल ने दिया। इस दौरान राजीव सिंह, अभिषेक विल्सन, अंतिम सिंह, नीरज एडवर्ड, प्रिंस आदि ने सहयोग किया।
रविवार को मनेगा प्रभु यीशू का पुनरूत्थान दिवस
बताया गया कि रविवार पांच अप्रैल को मसीही समाज प्रभु यीशू के जी उठने (पुनरूत्थान दिवस) को मनाएगा। जिसमें शहर के विभिन्न स्थानों से मसीही समाज के लोग जुलूस के रूप में गीत गाते हुए प्रार्थना के लिए मेथोडिस्ट गर्ल्स इंटर कॉलेज के परिसर में एकत्र होंगे।
