बाराबंकी : मध्य प्रदेश में मिला बाराबंकी के युवक का शव, हत्या की आशंका

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मसौली/बाराबंकी, अमृत विचार। मध्य प्रदेश गए एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में रेलवे ट्रैक पर मिला। परिजन हत्या की आशंका जता रहे हैं। जानकारी के अनुसार स्थानीय थाना क्षेत्र के ग्राम राजापुर निवासी पूर्व प्रधान जगदीश यादव के 31 वर्षीय पुत्र अरुण कुमार करीब एक वर्ष से मध्य प्रदेश के कटनी में एक रेलवे ठेकेदार के साथ काम कर रहा था।

परिजनों के अनुसार, अरुण 31 मार्च को चित्रकूट एक्सप्रेस से घर लौटने के लिए निकला। उसी रात उसकी अंतिम बार परिजनों से फोन पर बात हुई, जिसमें वह घबराया हुआ था और उसने बताया कि उसकी जान को खतरा है। इसके बाद मोबाइल बंद हो गया। कई बार संपर्क करने की कोशिश पर फोन स्विच ऑफ मिला।

चिंतित परिजनों ने संबंधित ठेकेदार से जानकारी ली तो उसने बताया कि अरुण को ट्रेन में बैठा दिया गया था, वह घर के लिए रवाना हो चुका है। बताया जा रहा कि एमपी के कटनी से लखनऊ तक चित्रकूट एक्सप्रेस को पहुंचने में लगभग 11 घंटे 20 मिनट का समय लगता है।

सवाल यह है कि अरुण लखनऊ पहुंचा भी था या नहीं, क्योंकि उसके मोबाइल की अंतिम लोकेशन गुरुवार सुबह करीब 8 बजे तक ही सक्रिय रही। इसी बीच उसी दिन कटनी रेलवे स्टेशन के पास ही ट्रैक पर उसका शव मिला, जिससे मामला और भी संदिग्ध हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में मातम छा गया। परिजन शव लेने के लिए कटनी रवाना हो गए।

संबंधित समाचार