कानपुर में लोगों ने किया प्रदर्शन : प्रीपेड स्मार्ट मीटर लगने के बाद बिजली दे रही धोखा

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

कानपुर, अमृत विचार। भविष्य में उपभोक्ताओं को बिजली बिल के भुगतान करने के लिए सब - स्टेशनों का चक्कर न लगाना पड़े, इसलिए कानपुर विद्युत आपूर्ति कंपनी के अधिकारी प्रीपेड स्मार्ट मीटर लगाने का कार्य प्रमुखता से कर रहे है, लेकिन उपभोक्ताओं का आरोप है कि इस प्रीपेड स्मार्ट मीटर लगने के बाद से घर की बिजली बिना सूचना के अचानक से कट जा रही है। रिचार्ज होने के बाद भी बिजली गुल हो रही है और शिकायत करने पर केस्को कर्मी अनसुना कर रहे हैं। जिससे लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।

बर्रा विश्व बैंक ई ब्लॉक इलाके में शुक्रवार को बिजली ने फिर धोखा दे दिया, बिजली कटौती से परेशन लोगों का यह गुस्सा प्रदर्शन के रूप में फूटा। सैकड़ों की संख्या में लोग बर्रा विश्व बैंक सब स्टेशन पहुंचे। आरोप है कि सबस्टेशन में जब एक-एक कर लोगों ने शिकायत की तो उनकी बात नहीं सुनी गई। इससे नाराज होकर लोगों ने सब स्टेशन में नारेबाजी की और इसके बाद  भुईया रानी पार्क पहुंचे और यहां पर विरोध प्रदर्शन प्रदर्शन किया। 

वहीं, यहां पर स्थित प्राथमिक विद्यालय में रखे नए बिजली मीटर वाले कमरे में लोगों ने ताला लगा दिया। जानकारी पर जब केस्को की टीम गाड़ी से मीटर लेने पहुंची तो गुस्साएं लोगों ने कर्मचारियों को घेर लिया और केस्को की गाड़ी को वापस लौटा दिया। लेकिन कर्मचारी किसी तरह भीड़ से बचते हुए मौके से निकल गए।

वहीं, केस्को ने अपनी पहचान छिपाने के लिए गाड़ी पर लगे केस्को के स्टीकर को हटा दिया। प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना है कि नए मीटर से लगातार बिजली संबंधित समस्याएं सामने आ रही है। नए मीटर लगने के बाद समय से बिजली का बिल नहीं आ रहा। पूरा रिचार्ज होने के बाद भी बिजली का बिल निगेटिव में दिख रहा है। बिना सूचना के बिजली कट जा रही है।

शिकायत करने पर भी बिजली तय समय पर नहीं आ रही है। मांग है कि पुराने मीटर वापस लगाए जाएं, नहीं तो आंदोलन जारी रहेगा। आरोप है कि कई बार शिकायत के बाद भी जिम्मेदार अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचे, जिससे लोगों में और नाराजगी बढ़ गई है। प्रदर्शन में क्षेत्र के सुरेश चौधरी, संदीप सैनी, अंकित नेता, विकु ठाकुर, शिव कुमार मिश्रा, बउआ, मदन, ओमी गुप्ता, जगदीश चंद गुप्ता, उर्मिला शर्मा, माया देवी, शिव कांति, राधा और शिव देवी आदि शामिल रहे।

संबंधित समाचार