सीतापुर में सनसनीखेज वारदात : नशे में धूत सगे भाई को मारी कई गोलियां, हालत गंभीर
महोली/ सीतापुर। नशे की लत और मामूली विवाद में शुक्रवार देर शाम एक कसाई दिल बड़े भाई ने अपने ही सगे भाई के खून से हाथ रंग लिए। मामला महोली कोतवाली क्षेत्र के गांव कैम्हरा रघुबर दयाल का है। यहाँ दिल्ली से गार्गी देवी की पूजा में शामिल होने आए 34 वर्षीय चुम्मन पर उसके बड़े भाई कौशल उर्फ नन्हे ने शराब के नशे में ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।
पूजा की खुशियां मातम में बदलीं
परिजनों के अनुसार, चुम्मन तीन दिन पहले ही घर आया था। शुक्रवार देर शाम आरोपी कौशल नशे में धुत होकर घर पहुँचा और छोटे भाई से गाली-गलौज करने लगा। विवाद बढ़ने पर कौशल ने तमंचा निकाला और चुम्मन पर एक के बाद एक कई गोलियां दाग दीं। गोलियां चुम्मन के सीने, पैर और हाथ में लगी हैं।
हालत नाजुक, आरोपी फरार
गोलीबारी से गांव में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुँचे एएसपी दुर्गेश सिंह और पुलिस बल ने घायल को सीएचसी पहुँचाया, जहाँ से गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने आरोपी की तलाश में दबिश तेज कर दी है।
