यूजीसी के नए कानून पर बीएचयू में भारी बवाल, पथराव के बाद बुलानी पड़ी पुलिस और पीएसी

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

लखनऊ, अमृत विचार। उच्च शिक्षण संस्थानों में विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) के नए नियमों पर छिड़ी बहस और विरोध के बीच यूपी के बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) में भारी बवाल हो गया। यूजीसी नियमों के विरोध और समर्थन में उतरे छात्रों के दो गुट, कथित रूप से जातिगत टिप्पणी को लेकर टकरा गए। भयंकर मारपीट में एक छात्र का सिर फट गया और दो अन्य घायल हो गए। हालात जब प्रॉक्टोरियल बोर्ड से भी नहीं संभले तो कैंपस में पुलिस-पीएसी बुलानी पड़ गई। गुरुवार दोपहर बाद से जवान मोर्चा संभाले हैं। 

बवाल की जड़ यूजीसी का नया कानून बना, जिस पर सुप्रीमकोर्ट ने फिलहाल रोक लगा दी है। विश्वनाथ मंदिर के पास छात्रों के एक गुट ने समर्थन में हस्ताक्षर अभियान चलाया तो दूसरी तरफ कुछ छात्र कानून के खिलाफ मार्च करने निकले। दोनों गुटों का आमना-सामना हुआ तो यहीं जातिगत टिप्पणी के आरोप पर मारपीट शुरू हो गई। 

दोनों गुटों में भयंकर मारपीट के बीच प्रॉक्टोरियल बोर्ड की टीमें बचाने में हाफ गई। हालात जब उनके बस से बाहर हो गए तो फोर्स बुलानी पड़ी। देर शाम तक कैंपस छावनी में बदल गया। बिरला सी हॉस्टल में तलाशी ली गई। लगभग 10 कमरे खाली मिले तो इन्हें सील कर दिया गया। झगड़ा रूईया हॉस्टल और बिरला सी ब्लॉक के छात्रों के बीच हुआ। 

रूईया हॉस्टल के संस्कृत ब्लॉक के पीयूष तिवारी के साथ मारपीट के बाद पथराव भी हुआ। प्रॉक्टोरियल बोर्ड की टीम हेलमेट लगाकर बचाव करने उतरी। चीफ प्रॉक्टर प्रो. संदीप पोखरिया ने पुलिस को खबर दी। करीब छह थानों की फोर्स लेकर अधिकारियों ने कैंपस में बवाल काट रहे छात्रों को खदेड़ा। 

फिलहाल कैंपस में तनाव के बीच भारी पुलिस बल तैनात है। चीफ प्रॉक्टर के नेतृत्व में सुरक्षाकर्मी तीन हॉस्टल पर ड्रोन से नजर रखे हैं। हॉस्टल में तलाशी भी ली गई। अब प्रशासन विवाद करने वाले छात्रों पर कार्रवाई की तैयारी कर रहा है। कुछ बाहरी छात्रों के पकड़े जाने की भी बात सामने आई है, जिन्हें झगड़ा बढ़ाने का कारण बताया जा रहा है। 

बुधवार से सुलग रही चिंगारी 

बीएचयू में यूजीसी के नए कानून को लेकर बुधवार से विवाद की चिंगारी सुलग रही थी। बुधवार को भी छात्रों के बीच कहासुनी हुई। हालांकि तब माहौल शांत हो गया। लेकिन अगले दिन फिर से छात्र भिड़ गए और हालात बेकाबू हो गए। 

बीएचयू के चीफ प्रॉक्टर प्रोफेसर संदीप पोखरिया के मुताबिक, छात्रों के बीच विवाद पर टीम पहुंची। बाद में पुलिस भी बुलाई गई। तीन हॉस्टल में तलाशी अभियान चला। एक बाहरी छात्र मिला है। छात्रों से शांति और संयम बरतने की अपील की गई है।

संबंधित समाचार