आकांक्षी नगर योजना से लखनऊ में कैंसर स्क्रीनिंग और बाल नेत्र जांच को मिला तकनीकी सहारा

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

लखनऊ। आकांक्षी नगर योजना के तहत लखनऊ में स्वास्थ्य सेवाओं को आधुनिक तकनीक से जोड़ते हुए एक नई पहल शुरू की गई है। शुक्रवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोहनलालगंज में डिजिटल सर्वाइकल व स्तन कैंसर स्क्रीनिंग तथा डिजिटल ऑटो-रेफ्रेक्शन से बच्चों की आंखों की जांच के लिए अत्याधुनिक मशीनों का शुभारंभ किया गया। 

यह पहल स्वास्थ्य विभाग एवं सम्यक-कलेक्टिव गुड फाउंडेशन के सहयोग से की गई, जिसका उद्घाटन महानिदेशक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य डॉ. रतनपाल सिंह सुमन ने किया। महानिदेशक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य डॉ. रतनपाल सिंह सुमन ने कहा कि राज्य सरकार निवारक स्वास्थ्य सेवाओं को प्राथमिकता देते हुए तकनीक आधारित समाधान तेजी से लागू कर रही है। 

वहीं डिजिटल कैंसर स्क्रीनिंग से महिलाओं में गंभीर बीमारियों की प्रारंभिक अवस्था में पहचान संभव होगी, जिससे समय पर इलाज सुनिश्चित किया जा सकेगा। वहीं डिजिटल ऑटो-रेफ्रेक्शन तकनीक बच्चों की दृष्टि जांच को सरल, सटीक और तेज बनाएगी। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एन.बी. सिंह ने बताया कि इस पहल से बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम को नई गति मिलेगी। 

ऑटो-रेफ्रेक्शन मशीन राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम की टीम को सौंपी जाएगी, जो स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों की नियमित जांच कर जन्मजात व दृष्टि संबंधी समस्याओं की पहचान करेगी। कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने कहा कि इस डिजिटल पहल से ग्रामीण और अर्धशहरी क्षेत्रों में भी गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं सुलभ होंगी। इससे मरीजों को बड़े अस्पतालों की दौड़ से राहत मिलेगी और प्राथमिक स्तर पर ही सटीक जांच संभव हो सकेगी। 

इस मौके पर निदेशक स्वास्थ्य डॉ. संजू अग्रवाल, संयुक्त निदेशक डॉ. अलका शर्मा, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. निशांत निर्वाण, जिला स्वास्थ्य शिक्षा एवं सूचना अधिकारी योगेश रघुवंशी, सीएचसी अधीक्षक डॉ. दिवाकर भारद्वाज सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी व स्वयंसेवी संस्था के प्रतिनिधि मौजूद रहे। 

संबंधित समाचार