रामपुर : संदिग्ध हालत में विवाहिता की मौत, हत्या का आरोप

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

टांडा क्षेत्र के गांव नगलिया की घटना

टांडा (रामपुर), अमृत विचार। टांडा क्षेत्र के गांव नगलिया में गुरुवार देर रात एक विवाहिता की जहरीला पदार्थ खाने से संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई है। मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद  परिजनों को सौंप दिया।

उत्तराखंड के उधम सिंह नगर थाना केलाखेड़ा के गांव रामनगर निवासी शमा परवीन का विवाह 21 दिसंबर 2024 को टांडा क्षेत्र के गांव नगलिया निवासी फुरकान शेरवानी के साथ हुआ था। लोगों ने बताया कि शादी के बाद से ही पति-पत्नी के बीच अनबन और आपसी मनमुटाव चल रहा था। मृतका का पति फुरकान दिल्ली में सिलाई का काम करता है, जबकि शमा गांव में ही रह रही थी। गुरुवार देर रात घर में हुए विवाद के बाद शमा ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया, जिससे उसकी जान चली गई। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और मृतका के मायके वाले मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद मायके पक्ष के लोग शव को अपने साथ ले गए हैं। कोतवाली प्रभारी संदीप मिश्रा का कहना है कि मृतका के मायके वालों की ओर से तहरीर दी जा रही है। तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर मामले की गहनता से जांच की जाएगी और वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

संबंधित समाचार