चाइनीज मांझा के पूरे नेटवर्क पर योगी सरकार का बड़ा एक्शन, बेचने वालों की सघन जांच शुरु
लखनऊ, अमृत विचार: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सख्त निर्देशों के बाद प्रदेशभर में चाइनीज मांझे के खिलाफ जीरो-टॉलरेंस नीति के तहत व्यापक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। मुख्यमंत्री ने दो टूक कहा है कि चाइनीज मांझे से होने वाली मौत कोई सामान्य दुर्घटना नहीं, बल्कि हत्या के समान गंभीर अपराध है। ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ कठोरतम कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर सभी जिलों में चाइनीज मांझे के उत्पादन, बिक्री, भंडारण और परिवहन से जुड़े पूरे नेटवर्क की सघन जांच की जा रही है। थोक विक्रेताओं, ऑनलाइन सप्लायर्स, परिवहन चैनलों और गोदामों पर विशेष अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी। सरकार का स्पष्ट लक्ष्य है कि प्रदेश में चाइनीज मांझे की एक भी रील न बिके और न ही कहीं संग्रहित हो।
हर जिले में 24×7 मॉनिटरिंग के लिए नोडल अधिकारी नामित किए जा रहे हैं। ऑनलाइन प्लेटफॉर्म, सोशल मीडिया और अनौपचारिक बिक्री चैनलों पर भी कड़ी नजर रखी जाएगी। साथ ही स्कूलों और कॉलेजों में जागरूकता अभियान चलाकर बच्चों और युवाओं से चाइनीज मांझे से दूर रहने की अपील की जाएगी। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि किसी क्षेत्र में चाइनीज मांझे से कोई घटना होती है, तो विक्रेताओं के साथ-साथ संबंधित स्थानीय पुलिस और प्रशासन को भी जिम्मेदार माना जाएगा।
