संविधान संवाद सम्मेलन : असम के मुख्यमंत्री पर कांग्रेस का हमला, वीडियो को लेकर बढ़ा विवाद
वाराणसी। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा द्वारा कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई पर पाकिस्तान से संबंध होने का आरोप लगाने के बाद सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। वाराणसी में आयोजित संविधान संवाद सम्मेलन में पहुंचे कांग्रेस नेताओं ने मुख्यमंत्री पर तीखा हमला बोला।
कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने कहा कि असम भाजपा के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर मुख्यमंत्री का एक वीडियो पोस्ट किया गया, जिसमें वे गोली चलाते दिखाई दे रहे हैं और उसके साथ "प्वाइंट ब्लैंक... स्पॉट" कैप्शन लिखा गया।
उन्होंने इसे आपत्तिजनक बताते हुए कहा कि संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति को ऐसी भाषा और संदेश से बचना चाहिए। पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता पवन खेड़ा और प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने भी मुख्यमंत्री पर राजनीतिक लाभ के लिए आरोप लगाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि चुनावी माहौल में इस तरह के बयान ध्यान भटकाने की कोशिश हैं। कांग्रेस नेताओं ने पूरे मामले पर स्पष्टीकरण और जवाबदेही की मांग की है।
