महाशिवरात्रि पर शिवालयों में उमड़ी भीड़: संगोनाथ मंदिर में लंबी कतार, उमड़ा जनसैलाब  

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

भदोही। शिव व शक्ति के दिव्य संयोग महाशिवरात्रि पर रविवार को उत्तर प्रदेश के भदोही जिले में भगवान शिव को प्रसन्न करने और उनकी असीम कृपा पाने के लिए शिवालयों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। महाशिवरात्रि पर्व पर शिवालयों में सुबह से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का शुरू हुआ सिलसिला दोपहर बाद तक भी जारी रहा। 

श्रद्धालु भगवान शिव के पंचाक्षरी महामंत्र "ॐ नमः शिवाय" के जाप के साथ पूरे विधि विधान से शिवलिंग पर जल, दूध, बेलपत्र, धतूरा व चंदन अर्पित करते नजर आए। काशी- प्रयाग के मध्य वरूणा व वसुही नदियों की पवित्र स्थली पर अवस्थित पौराणिक संगोनाथ मंदिर पर तो शिवरात्रि आगमन से तीन-चार दिन पहले से ही तैयारी का सिलसिला शुरू हो गया था। 

रविवार को महाशिवरात्रि के दिन सुबह से ही भगवान शिव के लिंग पर जलार्पण का शुरू हुआ सिलसिला दोपहर तक जारी रहा। प्रमुख ज्योतिषाचार्य पंडित मिथिलेश उपाध्याय ने बताया कि महाशिवरात्रि भगवान शिव और शक्ति की पूजा का महापर्व है। इस दिन शिव के मंत्रों का जप-तप करने से अकाल मृत्यु से मुक्ति मिलती है। 

शिवलिंग पर जल, दूध, बेलपत्र, धतूरा, और चंदन अर्पित करने व शिव मंत्रों का जाप करने से इच्छित कामनाओं की पूर्ति के साथ आत्मिक शुद्धि तथा मानसिक शांति प्राप्त होती है। जनपद के प्रमुख शिवालयों बाबा हरिहरनाथ, बाबा बड़े शिवधाम, श्री नर्मदेश्वर महादेव मंदिर, केदारनाथ मंदिर तुंगनाथ, रुद्रनाथ व कल्पेश्वर जैसे मंदिरों में शिव भक्तों ने पूरे विधि विधान से पूजन-अर्पण कर दुग्ध व जलाभिषेक किया।

ये भी पढ़ें : 
महाशिवरात्रि : उपराष्ट्रपति और PM मोदी समेत राहुल गाँधी ने दी बधाई, सीएम योगी ने संगम स्नान में पहुंचे श्रद्धालुओं का किया अभिनंदन 

संबंधित समाचार