महाशिवरात्रि : उपराष्ट्रपति और PM मोदी समेत राहुल गाँधी ने दी बधाई, सीएम योगी ने संगम स्नान में पहुंचे श्रद्धालुओं का किया अभिनंदन
दिल्ली। उपराष्ट्रपति सी.पी राधाकृष्णन और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को महाशिवरात्रि के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन ने 'एक्स' पर पोस्ट कर कहा, ''सभी देशवासियों को भक्ति, शक्ति और भगवान भोलेनाथ को समर्पित पावन पर्व महाशिवरात्रि की हार्दिक शुभकामनाएं।''
उन्होंने कहा, ''काशी से रामेश्वरम् तक, महाशिवरात्रि का यह पावन पर्व भारत की अखंड और शाश्वत आध्यात्मिक परंपरा का जीवंत प्रतीक है। महादेव और माता पार्वती की कृपा से हम सभी को सुख, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की प्राप्ति हो-यही मंगलकामना है।''
प्रधानमंत्री मोदी ने 'एक्स' पर पोस्ट कर कहा, ''देशभर के मेरे परिवारजनों को महाशिवरात्रि की ढेरों शुभकामनाएं। मेरी कामना है कि आदिदेव महादेव सदैव सभी पर अपनी कृपा बनाए रखें। उनके आशीर्वाद से सबका कल्याण हो और हमारा भारतवर्ष समृद्धि के शिखर पर विराजमान हो। हर हर महादेव।
महाशिवरात्रि पर मुख्यमंत्री योगी ने दी शुभकामनाएं
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने देवाधिदेव महादेव की उपासना को समर्पित पावन पर्व 'महाशिवरात्रि' के अवसर पर प्रदेशवासियों और तीर्थराज प्रयाग में स्नान करने पहुंचे श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि महाशिवरात्रि के पावन स्नान पर्व पर आज तीर्थराज प्रयाग की त्रिवेणी संगम में आस्था की डुबकी लगाने के लिये पधारे सभी पूज्य साधु-संतों, धर्माचार्यों, कल्पवास के लिए आए साधकों एवं श्रद्धालुओं का हार्दिक अभिनंदन है। उन्होंने प्रार्थना की कि देवाधिदेव महादेव एवं पुण्य प्रदायिनी मां गंगा की कृपा सभी भक्तों पर बनी रहे।
संगम स्नान को पहुंचे श्रद्धालुओं का किया अभिनंदन
साधकों की साधना सफल हो तथा श्रद्धालुओं के मनोरथ पूर्ण हों। मुख्यमंत्री ने अपने संदेश का समापन 'हर हर महादेव' के उद्घोष के साथ किया। गौरतलब है कि प्रयागराज में महाशिवरात्रि के अवसर पर गंगा, यमुना और अदृश्य सरस्वती नदी के पवित्र संगम में स्नान करने वालों का तांता लगा है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु रविवार सुबह से ही संगम नोज पर स्नान करने के लिए पहुंचने लगे थे।
गंगा, यमुना और अदृश्य सरस्वती नदी के पवित्र संगम की रेती पर लगे विश्व के सबसे बड़े धार्मिक और आध्यात्मिक सालाना मेले का रविवार को 44वां और अंतिम दिन है। माघ मेले के छठवें और आखिरी स्नान पर्व यानी महाशिवरात्रि पर रविवार को त्रिवेणी संगम में लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। पुलिस, पीएसी और आरएएफ को तैनात किया गया है।
वहीं एटीएस के कमांडो भी मेले में चप्पे पर नजर रख रहे हैं। मेले की सुरक्षा मे 400 सीसीटीवी कैमरों से कराई जा रही है। इसमें डेढ़ सौ से ज्यादा एआई कैमरे भी लगाए गए हैं। आज करीब एक करोड़ श्रद्धालुओं के पवित्र स्नान करने की उम्मीद है।
खड़गे राहुल प्रियंका ने दी देशवासियों को महाशिवरात्रि की शुभकामनाएं
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी तथा पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने महाशिवरात्रि पर्व पर आज देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं और सबकी समृद्धि की मंगल कामना की है। खरगे ने अपने संदेश में कहा, "समस्त देशवासियों को महाशिवरात्रि के पावन पर्व की हार्दिक शुभकामनाएँ। देवाधिदेव महादेव का आशीर्वाद सभी पर बना रहे, आपके जीवन में सुख, समृद्धि, प्रगति और आनंद का प्रकाश फैलता रहे, यही मेरी मंगलकामना है।"
गांधी ने कहा "सभी देशवासियों को महाशिवरात्रि की हार्दिक शुभकामनाएं। शिव शक्ति की कृपा से आपके जीवन में हमेशा सुख, शांति और समृद्धि का वास हो। हर हर महादेव।"
वाड्रा ने महामृत्युंजय मंत्र का पद उदधृत करते हुए कहा, "ॐ त्र्यम्बकं यजामहे सुगन्धिम पुष्टिवर्धनम्। उर्वारुकमिव बन्धनान्मृत्योर्मुक्षीय माऽमृतात्॥ सभी देशवासियों को पावन पर्व महाशिवरात्रि की हार्दिक शुभकामनाएं। देवाधिदेव महादेव भगवान भोलेनाथ आप सबके जीवन में सुख-समृद्धि का संचार करें। हर हर महादेव।
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, ''भगवान भोलेनाथ की आराधना के पावन पर्व महाशिवरात्रि की समस्त देश एवं प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। देवाधिदेव महादेव के आशीर्वाद से यह पावन पर्व आपके जीवन में सकारात्मकता और आत्मिक आभा लेकर आए, यही कामना है।''
उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने 'एक्स' पर पोस्ट कर कहा, ''आज महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर आप सभी देश व प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।''
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की उप्र इकाई के अध्यक्ष पंकज चौधरी ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ''आप सभी को महाशिवरात्रि की हार्दिक शुभकामनाएं।'' पोस्ट में कहा, ''महाशिवरात्रि का यह पावन पर्व आप सभी के जीवन में सकारात्मकता और ढेरों खुशियां लाए, देवाधिदेव महादेव से यही मंगलकामना है। हर हर महादेव।''
सपा अध्यक्ष एवं उप्र के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने 'एक्स' पर पोस्ट में इटावा के केदारेश्वर महादेव मंदिर में भक्तों द्वारा पूजा-अर्चना का एक वीडियो साझा करते हुए कहा, ''यहां बसता है विश्वास, बरसता है आशीर्वाद…'सर्व मंगल-सर्व कल्याण' की कामनाओं के साथ महाशिवरात्रि की महा-शुभकामनाएं।''
कांग्रेस पार्टी की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष व पूर्व राज्य मंत्री अजय राय ने 'एक्स' पर पोस्ट कर कहा, ''समस्त देशवासियों को महाशिवरात्रि की हार्दिक शुभकामनाएं। देवाधिदेव महादेव, सत्य स्वरूप भगवान शिव सबका कल्याण करें। हर हर महादेव।
ये भी पढ़ें :
महाशिवरात्रि : आकर्षक लाइटिंग और फूलों से सजा नासिक का त्र्यंबकेश्वर, महाआरती और धार्मिक अनुष्ठान के लिए भक्तों की भीड़
