बदलता बरेली : बीडीए की तीन बड़ी परियोजनाएं देंगी शहर को नयी पहचान

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

बरेली, अमृत विचार। रामगंगा नगर आवासीय योजना की दो परियोजनाएं अब शहर की पहचान बदलने की दहलीज पर खड़ी है। यहां तैयार हुआ अत्याधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और लगभग पूर्ण हो चुका कन्वेंशन सेंटर न केवल बुनियादी ढांचे की मजबूती का संकेत हैं, बल्कि शहर के सामाजिक-सांस्कृतिक और खेल भविष्य की दिशा भी तय करेंगे। 

इसके अलावा चार मंजिला आधुनिक लाइब्रेरी का निर्माण कार्य भी अंतिम चरण है। तीनों परियोजनाओं के संचालन के लिए एक ही एजेंसी का चयन किया जाएगा, जिसके लिए इसी माह निविदा आमंत्रित करने की तैयारी है। प्राधिकरण का लक्ष्य है कि अप्रैल तक इन सुविधाओं को आमजन के लिए खोल दिया जाए।

बरेली विकास प्राधिकरण के मुख्य अभियंता एपीएन सिंह के अनुसार, रामगंगा नगर में विकसित की गई ये परियोजनाएं शहर के लिए मील का पत्थर साबित होंगी। उन्होंने बताया कि स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स पूरी तरह आधुनिक मानकों के अनुरूप तैयार किया गया है, वहीं कन्वेंशन सेंटर का शेष निर्माण कार्य भी तेज गति से चल रहा है। दोनों के बेहतर और व्यवस्थित संचालन को ध्यान में रखते हुए एक ही एजेंसी को जिम्मेदारी देने का निर्णय लिया गया है। इसके लिए आरएफपी (रिक्वेस्ट फॉर प्रपोजल) तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।

कन्वेंशन सेंटर में 600 और 200 लोगों की क्षमता वाले दो भव्य कॉन्फ्रेंस हॉल बनाए गए हैं। इसके अलावा 15 वातानुकूलित कमरे, विवाह और बड़े आयोजनों के लिए आकर्षक लॉन, 300 वाहनों की पार्किंग सुविधा, स्वीमिंग पूल, चेंजिंग रूम, बैंक्वेट हॉल, लाउंज और पार्टी हॉल जैसी सुविधाएं विकसित की जानी हैं। 

वहीं, स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 860 वर्गमीटर का मल्टीपर्पज इंडोर हॉल, टेबल टेनिस और स्क्वैश कोर्ट, जिम, बॉक्सिंग और वॉलीबॉल कोर्ट, क्रिकेट प्रैक्टिस पिच, खिलाड़ियों व कोच के लिए छह सुसज्जित कमरे, तीन हॉल और एक वीआईपी कक्ष तैयार किए गए हैं। इन परियोजनाओं के शुरू होने से न केवल खेल प्रतिभाओं को नया मंच मिलेगा, बल्कि शहर में सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों को भी नई ऊर्जा प्राप्त होगी।

बीडीए की दूरदृष्टि से रामगंगा नगर बना विकास का मॉडल
बीडीए ने रामगंगा नगर आवासीय योजना में विश्वस्तरीय सुविधाएं विकसित कर शहर को बड़ी सौगात दी है। यहां अत्याधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स बनकर तैयार हो चुका है, जबकि कन्वेंशन सेंटर का निर्माण अंतिम चरण में है। इसके अलावा सेक्टर आठ में विकसित हो रही चार मंजिला आधुनिक लाइब्रेरी में प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़ी पुस्तकों के साथ किस्से, कहानी, उपन्यास व पुस्तकों का संग्रह होगा। यहां कंप्यूटर लैब के साथ कर्मचारियों व प्रबंधन के लिए कार्यालय, रेस्ट रुम, स्टोरेज और मीडिया सेंटर के साथ फूड कोर्ट और ओपन एरिया रेस्टोरेंट भी बनाया जाएगा। आमजन को समर्पित होने वाली ये सुविधाएं युवाओं, खिलाड़ियों और शहरवासियों के लिए नए अवसर खोलेंगी और रामगंगा नगर को शहर के सबसे आकर्षक केंद्र के रूप में स्थापित करेंगी।

 उपाध्यक्ष, बीडीए मनिकन्डन ए ने बताया कि रामगंगा नगर आवासीय योजना में बरेली विकास प्राधिकरण की ओर से विकसित स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और आधुनिक लाइब्रेरी युवाओं एवं मेधावियों के सपनों को नई उड़ान देंगे। यहां शिक्षा, खेल और प्रतिभा विकास के लिए उत्कृष्ट माहौल तैयार किया गया है। वहीं कन्वेंशन सेंटर सामाजिक और सांस्कृतिक आयोजनों का प्रमुख केंद्र बनेगा। ये सभी परियोजनाएं न केवल नागरिक सुविधाओं को मजबूत करेंगी, बल्कि शहर के समग्र विकास को भी नई गति प्रदान करेंगी।

संबंधित समाचार