UP: फिल्मी स्टाइल में चाचा को कारों से घेरकर रोका, फिर भतीजों ने की गोली मारकर हत्या

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

शाहजहांपुर, अमृत विचार। गढ़िया रंगीन थाना क्षेत्र में जमीनी विवाद ने खूनी रूप ले लिया। भतीजों ने अपने ही चाचा की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान लगभग 50 वर्षीय वीरेश सिंह के रूप में हुई है। घटना से इलाके में दहशत फैल गई।

पुलिस के अनुसार वीरेश सिंह अपने एक भतीजे के साथ कार से कहीं जा रहे थे। फिल्मी स्टाइल में अन्य भतीजों ने दो कारों में सवार होकर उनका पीछा शुरू कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने एक कार आगे और दूसरी पीछे लगाकर वीरेश की कार को घेर लिया तथा टक्कर मारकर रोक दिया।

इसके बाद हमलावरों ने वीरेश सिंह को कार से बाहर खींच लिया और उन पर फायरिंग कर दी। गोली लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के दौरान टक्कर लगने से पांच अन्य लोग भी घायल हो गए, जिन्हें पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया है।

सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी ने मौके पर पहुंचकर जांच की। प्रारंभिक पड़ताल में सामने आया है कि वीरेश सिंह और उनके भतीजों के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस अधीक्षक ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं।

संबंधित समाचार