Lucknow Nagar Nigam Budget: 2278 करोड़ का बजट तैयार, 23 फरवरी को सदन में होगा पास, जानें क्या हुए बदलाव
वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए नगर निगम ने तैयार किया बजट
लखनऊ, अमृत विचार : लखनऊ नगर निगम वित्तीय वर्ष 2026-27 में कूड़ा प्रबंधन और सड़कों पर सबसे अधिक ध्यान देगा। बजट में कूड़ा प्रबंधन के लिए सबसे अधिक करीब 300 करोड़ और सड़क निर्माण के लिए 326 करोड़ रुपये का प्रस्ताव रखा गया है। नालों की सफाई के लिए पहले की तरह 15 करोड़ रुपये का ही प्रस्ताव है। करीब 2278 करोड़ का बजट पर 23 फरवरी को सदन में चर्चा की जाएगी। जनता के लिए राहत की बात यह है कि इस बार कोई नया टैक्स लगाने और पुराने टैक्स में बढ़ोतरी का प्रस्ताव नहीं है।
सड़क निर्माण के बजट में कोई खास बढ़ोतरी नहीं की गई है, जबकि विस्तारित इलाके शामिल होने से नगर निगम का क्षेत्र काफी बढ़ गया है। सड़कों की मरम्मत और नई सड़कों के निर्माण के लिए 326 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। सीएम ग्रिड योजना के तहत सड़कों के निर्माण के लिए 20 करोड़ रुपये अलग से खर्च किए जाएंगे। निगम के सामने सबसे बड़ी चुनौती पुराने निर्माण कार्यों का भुगतान है। बजट में 370 करोड़ रुपये पुराने दायित्वों के लिए रखे गए हैं। पूर्व में कराए गए कार्यों का भुगतान अब तक लंबित है। इसके अलावा कार्यदायी संस्थाओं को भुगतान की रकम में कटौती की गई है। पुनरीक्षित बजट में 130 करोड़ का प्रावधान था, जिसे घटाकर 100 करोड़ कर दिया गया है।
पार्क और स्ट्रीट लाइट पर बढ़ा खर्च
नगर निगम ने पार्कों के अनुरक्षण का बजट 38.38 करोड़ से बढ़ाकर 42 करोड़ कर दिया है। पार्कों की रंगाई-पुताई पर 6 करोड़ खर्च होंगे। मार्ग प्रकाश के लिए 16 करोड़, स्ट्रीट लाइट मरम्मत के लिए 6 करोड़ और उपकरण खरीद के लिए 6.50 करोड़ रुपये का प्रावधान है। नए निर्माण कार्यों के लिए 7 करोड़ रखे गए हैं। भवन मरम्मत के लिए 5 करोड़, फ्लैट निर्माण के लिए 25 करोड़ और अहाना एनक्लेव की बहुमंजिली आवासीय योजना के लिए 40 करोड़ रुपये प्रस्तावित हैं।
वार्ड विकास निधि का बजट बढ़ेगा
वार्ड विकास निधि का बजट एक बार फिर बढ़ाने की तैयारी है। पार्षदों की मांग पर बजट में वार्ड के लिए 40 लाख रुपये की धनराशि बढ़ाई जा सकती है। अभी वार्ड विकास निधि के तहत जीएसटी सहित कुल 2.10 करोड़ रुपये वार्डों के विकास के लिए मिलते हैं। अब यह धनराशि जीएसटी सहित 2.5 करोड़ रुपये की जाएगी।
