Bareilly: बोर्ड परीक्षाओं की वजह से एसआईआर के नोटिसों पर सुनवाई के 13 केंद्र बदले
बरेली, अमृत विचार। यूपी बोर्ड व सीबीएसई 10 वीं और 12 वीं की परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए शहर विधानसभा क्षेत्र के जिन स्कूलों में विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर) के दूसरे चरण के अंतर्गत नो मैपिंग से संबंधित मतदाताओं के नोटिसों पर सुनवाई हो रही थी, अब उन स्कूलों में नोटिसों पर सुनवाई न होकर नए केंद्रों पर होगी। शहर विधानसभा के निर्वाचक रजिस्ट्री करण अधिकारी एवं नगर मजिस्ट्रेट राजेश कुमार वर्मा ने बोर्ड परीक्षाओं के मद्देनजर नए केंद्रों का चयन कर लिया है। पूर्व के केंद्रों के आसपास ही नए केंद्र बनाए गए हैं। केंद्रों पर व्यवस्थाएं उपलब्ध कराने के जिला विद्यालय निरीक्षक और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को पत्र जारी कर दिया गया है।
निर्वाचक रजिस्ट्री करण अधिकारी राजेश कुमार वर्मा ने दोनों अफसरों को निर्देशित किया है कि नो मैपिंग वाले मतदाताओं के नोटिस की सुनवाई के लिए 13 केंद्र बनाए गये थे, लेकिन इन केंद्रों पर बोर्ड परीक्षाएं प्रस्तावित हैं, जिस कारण इन केंद्रों पर नोटिस की सुनवाई होना सम्भव नहीं है, इनके स्थान पर नवीन केंद्र सुनवाई के लिए चयनित किए गए हैं। डीआईओएस और बीएसए को निर्देशित किया है कि इन केंद्रों पर अतिरिक्त सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों के नोटिस की सुनवाई के लिए उचित स्थान (कक्ष) एवं एक कम्प्यूटर, प्रिंटर तथा वाई-फाई नेट सहित समुचित व्यवस्था कराना सुनिश्चित करें।
पहले यहां हो रही थी सुनवाई
डॉ. सुशीला गिरीश बालिका इंटर कालेज बांके की छावनी, गुलाबराय इंटर कालेज बानखाना, बृजभूषण लाल पब्लिक स्कूल चौधरी मोहल्ला बानखाना, तिलक इंटर कालेज किला, केपीआरसी कलाकेन्द्र कन्या इंटर कालेज शाहबाद, मनोहर भूषण इंटर काॅलेज नैनीताल रोड, सूरजभान कन्या इंटर कालेज राजेन्द्र नगर, श्री गुरुनानक रिक्खी सिंह गर्ल्स इंटर काॅलेज, मॉडल टाउन, कैथिक्स पब्लिक स्कूल संजयनगर, पीसी आजाद इंटर काॅलेज बिहारमान नगला, पंडित दीनानाथ मिश्र इंटर काॅलेज जाेगी नवादा, केन्द्रीय विद्यालय आईवीआरआई इज्जतनगर, सीबीगंज इंटर कालेज खलीलपुर।
अब इन नए केंद्रों पर होगी सुनवाई
- रेडियेंट पब्लिक स्कूल बांके की छावनी, गुलाबराय माॅन्टेशरी स्कूल बानखाना, कुंवर दयाशंकर इंटर काॅलेज, हाफिज सिद्दीकी पंजाबी हाई स्कूल जखीरा, प्राथमिक विद्यालय बासमंडी द्वितीय शाहबाद, सरस्वती विद्या मंदिर बृजलोक काॅलोनी प्रेमनगर, सूरजभान विद्या भवन राजेन्द्र नगर, श्री गुरु हरकिशन पब्लिक स्कूल, प्राथमिक विद्यालय कांकर टोला (मॉडल टाउन), क्रिएशन्स पब्लिक स्कूल आकांक्षा इन्क्लेब, क्रीसेंट पब्लिक स्कूल जोगी नवादा, जलकल विभाग पानी की टंकी नियर गंगाशील अस्पताल डीडीपुरम, कन्या पाठशाला जूनियर हाई स्कूल खलीलपुर।
इन केंद्रों पर हजारों नोटिसों पर सुनवाई होगी
- नो मैपिंग वाले मतदाताओं की संख्या शहर विधानसभा में लाखों में है। नोटिस जारी कर सुनवाई की जा रही है लेकिन विभिन्न कारणों से सुनवाई पूरी नहीं हो रही है। जिन केंद्रों पर बदलाव किया है, उन केंद्रों पर हजारों मतदाता हैं, जिनको नोटिस जारी कर सुनवाई के लिए मौका दिया गया है।
