Bareilly: जीबीसी -5...दस हजार युवाओं को रोजगार देने की तैयारी, 15 हजार करोड़ औद्योगिक निवेश का लक्ष्य
बरेली, अमृत विचार। जिले को आर्थिक रूप से और सशक्त बनाने के साथ ही युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए जीबीसी - 5 में जनपद को 15 हजार करोड़ रुपये का औद्योगिक निवेश बढ़ाने का लक्ष्य मिला है। इसे धरातल पर उतारने के लिए उद्योग विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इतने बड़े निवेश से जिले के दस हजार युवाओं को रोजगार मिलेगा। इसके लिए उद्यमियों के साथ विभाग ने बैठक भी करना शुरू कर दिया है।
ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी (जीबीसी-5) के तहत जिले में एक बार फिर से उद्योग स्थापना की कवायद शुरू कर दी है। इसके तहत जिले को 15 हजार करोड़ का लक्ष्य मिला है। इसे पूरा करने के लिए 21 विभागों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। उद्योग विभाग की मानें तो अब तक करीब ढाई हजार करोड़ रुपये निवेश के करार भी हो चुके हैं। करीब ढाई हजार करोड़ के निवेश की प्रक्रिया चल रही है। उद्यमियों से संपर्क कर निवेश और उसके लाभ बताए जा रहे हैं। जबकि, जीबीसी 4.0 में 30 हजार करोड़ निवेश का लक्ष्य मिला था। इसके सापेक्ष 318 उद्योगों के लिए 35,101 करोड़ रुपये के निवेश करार हुए थे।
जीबीसी-5 के लिए बरेली विकास प्राधिकरण और यूपीसीडा को चार-चार हजार करोड़ रुपये के निवेश करार का लक्ष्य मिला है। उपायुक्त उद्योग विकास यादव ने बताया कि शासन से 15 हजार करोड़ निवेश का लक्ष्य मिला है। जिलाधिकारी के निर्देश पर अलग-अलग विभागों को लक्ष्य दिए गए हैं। करीब ढाई हजार करोड़ रुपये के निवेश करार हो चुके हैं। लक्ष्य हासिल करने के लिए निवेशकों से संपर्क कर उनके साथ बैठक भी की जा रहा है। इन निवेश प्रस्तावों के आकार लेते ही युवाओं के लिए रोजगार का रास्ता साफ हो जाएगा।
