Stock Market Today :दबाव में घरेलू शेयर बाजार, सेंसेक्स-निफ्टी लुढ़के
मुंबई। निजी बैंकों एवं वित्तीय कंपनियों के दबाव में घरेलू शेयर बाजारों में मंगलवार को शुरुआती कारोबार में गिरावट देखी गई। बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 79.48 अंक की गिरावट के साथ 83,197.67 अंक पर खुला। कारोबारी दिवस के मुकाबले 1.96 अंक नीचे 83,275.19 अंक पर था। इसी प्रकार, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक 44.80 अंक टूटकर 25,634.95 अंक पर खुला। खबर लिखे जाते समय यह भी 28.45 अंक यानी 0.11 फीसदी उतरकर 25,659.30 अंक पर रहा।
वृहत बाजार में तेजी थी और मझौली तथा छोटी कंपनियों के सूचकांक ऊपर थे। आईटी, रसायन, फार्मा, सार्वजनिक बैंक, और एफएमसीजी समूहों के सूचकांकों में तेजी थी जबकि धातु, निजी बैंक, रियलटी और तेल एवं गैस समूहों के सूचकांक गिरावट में थे। सेंसेक्स की कंपनियों में आईसीआईसीआई बैंक, रिलायंस इंडस्ट्रीज, एचडीएफसी बैंक, इटरनल और कोटक महिंद्रा बैंक के शेयर लाल निशान में थे। इंफोसिस, आईटीसी, टीसीएस एलएंडटी और एचसीएल टेक्नोलॉजीज फिलहाल ऊपर चल रहे हैं।
रुपया शुरुआती कारोबार में एक पैसे की बढ़त के साथ 90.73 प्रति डॉलर पर
रुपया मंगलवार को शुरुआती कारोबार में एक पैसे की बढ़त के साथ अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 90.73 पर पहुंच गया। वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट से घरेलू मुद्रा को बल मिला। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि मजबूत डॉलर और विदेशी पूंजी की निकासी ने हालांकि स्थानीय मुद्रा की बढ़त को सीमित कर दिया। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया, अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 90.72 पर खुला। हालांकि बाद में फिसलकर 90.73 प्रति डॉलर पर आ गया जो पिछले बंद भाव से एक पैसा की बढ़त दर्शाता है।
रुपया सोमवार को आठ पैसे टूटकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 90.74 पर बंद हुआ था। इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.23 प्रतिशत की बढ़त के साथ 97.14 पर रहा। घरेलू शेयर बाजारों में सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 245.87 अंक टूटकर 83,031.28 अंक पर जबकि निफ्टी 106.45 अंक फिसलकर 25,576.30 अंक पर पहुंच गया।
अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 0.47 प्रतिशत की गिरावट के साथ 68.33 डॉलर प्रति बैरल रहा। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) सोमवार को बिकवाल रहे थे और उन्होंने 972.13 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।
