आईआईटी बीएचयू में छात्रों ने किया प्रदर्शन, यूथ पार्लियामेंट्री चुनाव में गड़बड़ी का लगाया आरोप
वाराणसी: भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) में सोमवार शाम को छात्रों ने विरोध प्रदर्शन किया। छात्रों का आरोप है कि यूथ पार्लियामेंट्री चुनाव (छात्र संसद) में गड़बड़ी की गई है। चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल उठाते हुए छात्रों ने तत्काल जांच और उचित कार्रवाई की मांग की है। उल्लेखनीय है कि इसी सप्ताह यह चुनाव सम्पन्न हुआ था।
छात्रों ने आरोप लगाया कि कुछ उम्मीदवारों ने विभिन्न कार्यक्रमों के फर्जी प्रमाण-पत्र लगाकर चुनाव प्रक्रिया पर सवालिया निशान लगा दिया। इनमें टेक्नेक्स, साइंस ऑफ यूटोपिया, उधम वॉलीबॉल समेत अन्य कई कार्यक्रमों के फर्जी सर्टिफिकेट लगाने के आरोप लगाए गए हैं। यहां तक कि चेस चैंपियनशिप के फर्जी प्रमाण-पत्र लगाने का भी आरोप छात्रों ने लगाया है। निदेशक कार्यालय के बाहर प्रदर्शन करते हुए छात्रों ने मांग की कि जिन उम्मीदवारों ने फर्जी प्रमाण-पत्र लगाए हैं, उनकी जांच की जाए और उनकी उम्मीदवारी रद्द कर दी जाए।
छात्रों ने यह भी आरोप लगाया कि वाइस प्रेसिडेंट पद के चुनाव के दौरान एक उम्मीदवार का सभी छात्रों ने बहिष्कार किया था, इसके बावजूद चुनाव कराया गया। उन्होंने इसकी भी जवाबदेही तय करने की मांग की है। प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
