Uttrakhand:  गैस संकट से महंगा हुआ खाना, नैनीताल में होटल-रेस्टोरेंट में 20% तक बढ़े दाम

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

गौरव जोशी, नैनीताल। पर्यटन नगरी नैनीताल में इन दिनों व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की कमी और बढ़ती कीमतों ने होटल व रेस्टोरेंट कारोबार को प्रभावित कर दिया है। गैस संकट के चलते अधिकांश होटल-रेस्टोरेंट संचालकों ने खाने-पीने की वस्तुओं के दामों में करीब 20 प्रतिशत तक बढ़ोतरी कर दी है, जिससे स्थानीय लोगों और पर्यटकों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।

व्यवसायियों के अनुसार पिछले कुछ समय से व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की आपूर्ति बाधित हो रही है। समय पर पर्याप्त गैस नहीं मिलने से संचालन प्रभावित हो रहा है, वहीं सिलेंडरों की कीमतों में वृद्धि से लागत भी बढ़ गई है। ऐसे में संचालकों को मजबूरन मेन्यू के दाम बढ़ाने पड़े हैं। रेस्टोरेंट संचालकों का कहना है कि गैस की अनियमित आपूर्ति के कारण कई बार वैकल्पिक व्यवस्थाएं करनी पड़ रही हैं, जो अधिक महंगी साबित हो रही हैं। इससे मुनाफा घट रहा है और कारोबार पर नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है। उनका कहना है कि यदि जल्द आपूर्ति व्यवस्था दुरुस्त नहीं हुई, तो कीमतों में और बढ़ोतरी हो सकती है।

वहीं, पर्यटकों और स्थानीय ग्राहकों ने बढ़े दामों पर नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि पर्यटन सीजन में पहले ही खर्च अधिक होता है, ऐसे में खाने-पीने की वस्तुएं महंगी होने से बजट बिगड़ रहा है। उधर संबंधित विभाग के अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि गैस आपूर्ति को सुचारू बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं और जल्द ही स्थिति में सुधार होने की उम्मीद है। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि गैस संकट लंबे समय तक बना रहा, तो इसका असर नैनीताल के पर्यटन कारोबार और स्थानीय अर्थव्यवस्था पर पड़ सकता है। होटल संचालकों को कहना है कि गैस की कमी और बढ़ती कीमतों ने लागत बढ़ा दी है, इसलिए दाम बढ़ाने पड़े। रेस्टोरेंट संचालक के अनुसार वैकल्पिक व्यवस्था महंगी पड़ रही है, जिससे मुनाफा घट रहा है। पर्यटक के अनुसार खाने के दाम बढ़ने से बजट बिगड़ रहा है।

संबंधित समाचार