Prayagraj Cold Storage Incident : सपा नेता के कोल्ड स्टोरेज के संचालन में अनियमितता का खुलासा
प्रयागराजः उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में समाजवादी पार्टी (सपा) नेता अंसार अहमद के आदर्श कोल्ड स्टोरेज हादसे की जांच समिति ने अपनी रिपोर्ट जिलाधिकारी को सौंप दी है। रिपोर्ट में कोल्ड स्टोरेज निर्माण एवं संचालन में कई गंभीर अनियमितताओं का खुलासा हुआ है। सूत्रों के अनुसार जांच रिपोर्ट में पाया गया है कि कोल्ड स्टोरेज चकमार्ग की भूमि पर कब्जा कर बनाया गया था। इस मामले में अंसार अहमद के खिलाफ तहसीलदार न्यायालय में मुकदमा चलाया जाएगा। साथ ही कोल्ड स्टोरेज के शेष बचे हिस्से पर भी बुलडोजर कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।
उल्लेखनीय है कि 23 मार्च 2026 को सोरांव तहसील के फाफामऊ क्षेत्र स्थित चांदपुर मोरहूं गांव में आदर्श कोल्ड स्टोरेज में अमोनिया गैस चैंबर फटने से भवन का एक हिस्सा ढह गया था। हादसे में कई मजदूर मलबे में दब गए थे। राहत एवं बचाव कार्य के दौरान कुल 22 लोगों को बाहर निकाला गया, जिनमें चार मजदूरों की मृत्यु हो गई थी जबकि 18 अन्य घायल हुए थे। जांच में यह भी सामने आया है कि कोल्ड स्टोरेज का भवन जर्जर अवस्था में था और कारखाना विभाग से आवश्यक लाइसेंस नहीं लिया गया था। उद्यान विभाग से लाइसेंस प्राप्त करने में भी नियमों का उल्लंघन किया गया। हादसे के बाद 24 मार्च को अंसार अहमद सहित कई आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था।
इसी दिन उद्यान विभाग के एक अधिकारी को लापरवाही के आरोप में निलंबित किया गया था। जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने घटना की जांच के लिए अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) विनीता सिंह की अध्यक्षता में समिति गठित की थी, जिसकी रिपोर्ट अब प्रशासन को सौंप दी गई है।
