Moradabad: पारिवारिक विवाद में युवती से मारपीट, चाची व चचेरे भाई पर मुकदमा दर्ज
मुरादाबाद, अमृत विचार। थाना मुगलपुरा क्षेत्र में पारिवारिक विवाद के दौरान मारपीट का मामला सामने आया है। संभली गेट तबाकियान निवासी सुमैरा पुत्री उसमान अहमद ने चाची यासमीन और उनके बेटे काजिम के खिलाफ तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया है।
पीड़िता सुमैरा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह अपने चाचा के परिवार के साथ एक ही मकान में रहती है। रविवार को वह अपनी मां शहनाज के साथ नल के पास कपड़े धो रही थी। उसी दौरान उसकी चाची यासमीन,पत्नी फिरोज अहमद, पास में झाड़ू लगा रही थीं। आरोप है कि झाड़ू लगाने से धूल उसके धुले हुए कपड़ों पर आ गई, जिस पर सुमैरा ने झाड़ू न लगाने के लिए कहा। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया।
चाची ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर यासमीन ने बेटे काजिम को बुला लिया और दोनों ने सुमैरा व उसकी मां से मारपीट की। यासमीन ने वाइपर से सुमैरा के सिर पर वार किया, जबकि काजिम ने लोहे की डंडी से हमला कर दिया, जिससे उसके सिर पर चोट आई। पीड़िता ने बताया कि उसकी मां उसे बचाकर ऊपर कमरे में ले गईं। इस दौरान आरोपी जान से मारने की धमकी दी और अपने कमरे में ताला लगाकर फरार हो गए। पुलिस ने तहरीर के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
