JEE Main Result : बाराबंकी के आदित्य वर्मा ने 99.954 पर्सेंटाइल के साथ रचा इतिहास, तीन छात्रों के 99 से अधिक पर्सेंटाइल

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

बाराबंकी, अमृत विचार। जेईई मेन सत्र-1 2026 परीक्षा में भाग लेने वाले छात्रों के लिए सोमवार का दिन बेहद खास और निर्णायक रहा। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) द्वारा देर शाम घोषित किए गए जेईई मेन सत्र-1 के परिणामों में श्री साईं इंटर कॉलेज बड़ेल कैनाल रोड के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर एक बार फिर जिले का गौरव बढ़ाया।

श्री साईं इंटर कॉलेज के छात्र आदित्य वर्मा ने 99.954 पर्सेंटाइल हासिल कर जिले में टॉप किया। इतना ही नहीं, उन्होंने आसपास के कई जिलों में भी सर्वाधिक पर्सेंटाइल अर्जित कर सफलता का परचम लहराया। आदित्य के पिता किसान हैं तथा माता गृहणी हैं।

साधारण परिवार से आने वाले आदित्य का सपना कंप्यूटर इंजीनियर बनने का है। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपनी कड़ी मेहनत, परिजनों के सहयोग और शिक्षकों के मार्गदर्शन को दिया। परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए आदित्य समेत तीन छात्रों ने 99 से अधिक पर्सेंटाइल अर्जित कर जिले का नाम रोशन किया।

वहीं लगभग 40 विद्यार्थियों ने 90 पर्सेंटाइल से अधिक पर्सेंटाइल प्राप्त कर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की। परिणाम घोषित होते ही मंगलवार को कॉलेज परिसर से लेकर मेधावी छात्रों के घरों तक जश्न का माहौल रहा।कॉलेज के आयुष ने 99.29 पर्सेंटाइल तथा नयन ने 99.17 पर्सेंटाइल हासिल किए। अमन ने 98.83 पर्सेंटाइल प्राप्त किए।

cats

आयुष वर्मा व अभिमन्यु ने 98.04 पर्सेंटाइल, दीपक ने 98.03, आर्यन ने 98.01, शशांक ने 97.95, हर्षित ने 97.83, अर्पित ने 97.43, अंशिका ने 96.92, अंकुर ने 96.53, सोभित ने 96.46, अमन ने 96.24, करन ने 96.13, पीयूष ने 95.50, महक ने 94.95, कपीश ने 94.50, नैनषी ने 94.13, सिद्धार्थ निश्चल ने 93.48, शिवेंद्र ने 92.93, अभ्युदय ने 92.34, पार्थ ने 92.09, अभिषेक ने 91.83, निखिल ने 91.78, अंश ने 91.58, शगुन ने 91.28, अथर्व ने 91.26, श्रेया ने 90.86, तान्या व आदर्श ने 90.64, श्रेयांश व आरुष ने 90.61, सहर्ष ने 90.55, आयुष ने 90.45, कार्तिकेय ने 90.35 और अभय पटेल ने 90.31 पर्सेंटाइल हासिल कर जिले का मान बढ़ाया।

5 लाख का मिलेगा पुरस्कार

छात्रों की इस सफलता से गदगद कॉलेज के प्रबंधक सुरेंद्र वर्माृृ ने कहा कि किसी भी विद्यालय में कंपटीशन का माहौल तैयार करना बेहद आवश्यक होता है। इसके लिए उत्कृष्ट फैकल्टी, गुणवत्तापूर्ण स्टडी मटेरियल और प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का होना जरूरी है। उन्होंने बताया कि आदित्य विद्यालय का एक अद्भुत प्रतिभा का धनी छात्र है, जिससे विद्यालय परिवार को बड़ी उम्मीदें थीं, और उसने उन उम्मीदों पर पूरी तरह खरा उतरकर सबका मान बढ़ाया है।

उन्होंने जानकारी दी कि अप्रैल माह में जेईई मेंस सत्र-2 की परीक्षा आयोजित होगी, जिसके बाद 17 मई को जेईई एडवांस की परीक्षा होगी। विद्यालय को पूर्ण विश्वास है कि आदित्य जेईई एडवांस में भी नया कीर्तिमान स्थापित कर संस्थान का नाम रोशन करेगा। विद्यालय प्रबंधन ने घोषणा की है कि यदि आदित्य की जेईई एडवांस में ऑल इंडिया रैंक 500 के भीतर आती है तो उसे तीन लाख रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। वहीं, यदि उसकी ऑल इंडिया रैंक टॉप 100 में आती है तो विद्यालय की ओर से पांच लाख रुपये का नकद पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।

मेहनत पर भरोसा रखें

अपनी सफलता पर प्रतिक्रिया देते हुए छात्र आदित्य ने कहा कि वह अपनी उपलब्धि का श्रेय सबसे पहले स्वयं को, अपने परिवार और विद्यालय परिवार को देते हैं। उन्होंने कहा कि लगातार मेहनत और दृढ़ संकल्प ही उनकी सफलता का मूल मंत्र रहा है। आदित्य ने बताया कि उन्होंने अपनी तैयारी के दौरान कभी रुकावट नहीं आने दी और निरंतर परिश्रम करते रहे। उन्होंने दूसरे विद्यार्थियों को संदेश देते हुए कहा कि अपनी मेहनत पर भरोसा रखना चाहिए। कोई भी कोचिंग या मार्गदर्शन केवल सहायता कर सकता है, लेकिन असली मेहनत स्वयं को ही करनी पड़ती है। आदित्य ने कहा कि यदि छात्र लक्ष्य निर्धारित कर पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ तैयारी करें, तो सफलता अवश्य मिलती है।

संबंधित समाचार