बार एसोसिएशन चुनाव कार्यक्रम घोषित, 26 फरवरी को होगा मतदान; जानें पूरा शेड्यूल
बाराबंकी, अमृत विचार। एल्डर्स कमेटी ने बार एसोसिएशन के वार्षिक चुनाव कार्यक्रम की घोषणा मंगलवार को कर दी। चुनाव की तिथि घोषित होते ही संभावित प्रत्याशियों ने कचहरी परिसर में सक्रियता बढ़ा दी है। अध्यक्ष और महामंत्री पद के दावेदार अधिवक्ताओं से संपर्क कर समर्थन जुटाने में लगे हैं। एल्डर्स कमेटी के चेयरमैन शीतला प्रसाद श्रीवास्तव ने बताया कि मतदान 26 फरवरी को सुबह 11 बजे से सायं 3:30 बजे तक होगा। इसी दिन सायं 4 बजे से मतगणना शुरू होगी और परिणाम घोषित किए जाएंगे।
चुनाव कार्यक्रम के अनुसार 18 फरवरी को मतदाता सूची पर आपत्तियों का निस्तारण एवं पुनः प्रकाशन किया जाएगा। 19 फरवरी को अपराह्न 12 बजे से 3 बजे तक नामांकन पत्रों की बिक्री व दाखिला होगा। 20 फरवरी को सुबह 11 बजे से सायं 3 बजे तक नामांकन पत्रों की जांच व वापसी की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। 21 फरवरी को वैध प्रत्याशियों की सूची प्रकाशित होगी।
23 फरवरी को बार कक्ष में अपराह्न 12 बजे प्रत्याशियों की परिचर्चा बैठक आयोजित होगी। 24 फरवरी को मतदान स्थल की तैयारी तथा 25 फरवरी को प्रचार-प्रसार का अंतिम दिन रहेगा। इस अवसर पर चुनाव अधिकारी मुरलीधर वर्मा, रमेशचन्द्र श्रीवास्तव, अलीउद्दीन शेख, राकेश श्रीवास्तव, ओमप्रकाश यादव, पौरूष श्रीवास्तव सहित कई अधिवक्ता उपस्थित रहे।
