Barabanki Crime News : नहाने का वीडियो बनाकर दुकान संचालक महिला को करता रहा ब्लैकमेल, पति ने दर्ज कराई रिपोर्ट

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

टिकैतनगर/बाराबंकी, अमृत विचार। घर में अकेली विवाहिता का नहाते समय वीडियो बनाने के बाद ब्लैकमेल कर शोहदा बेजा फायदा उठाता रहा। वीडियो वायरल करने की धमकी से विवाहिता जान देने के बारे में सोंचने लगी। हालांकि पति ने इस मामले में आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। 

कस्बा के एक वार्ड वासी युवक ने आरोप लगाया कि उनके घर के बगल में स्थित एक दुकान संचालक शिखर वैश्य ने नवंबर 2025 में उनकी पत्नी का नहाते समय फोटो व वीडियो बना लिया। इसके बाद आरोपी ने फोटो व वीडियो वायरल करने की धमकी देकर महिला से पैसों की मांग शुरू कर दी। 

आरोप है कि वह आए दिन घर में घुसकर महिला के साथ अश्लील हरकतें व अभद्र व्यवहार करता रहा। एक दिन महिला द्वारा शोर मचाने पर आरोपी मौके से भाग गया। घटना की जानकारी महिला ने अपने पति को फोन पर दी। सामाजिक लोकलाज के कारण उसने शुरू में चुप्पी साध ली, लेकिन आरोपी का मनोबल बढ़ता गया। 

आरोप है कि वह फोन पर अश्लील भाषा का प्रयोग करने लगा तथा रास्ते में रोककर फोटो वायरल करने की धमकी देते हुए छेड़छाड़ करता रहा। लगातार उत्पीड़न से महिला मानसिक रूप से काफी परेशान हो गई और आत्महत्या जैसी बात कहने लगी। आरोपी से बात करने पर उसने जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।  

महिला एडीओ को अज्ञात नंबरों से दी धमकी

सूरतगंज: थाना मोहम्मदपुर-खाला क्षेत्र में एक महिला अधिकारी को अज्ञात नंबरों से अभद्र भाषा में कॉल व एसएमएस भेज धमकी दी गई है। जानकारी के अनुसार क्षेत्र में बतौर अधिकारी तैनात महिला ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि 6 जनवरी को अज्ञात मोबाइल नंबर से उन्हे फोन कर अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए धमकी दी गई।

पीड़िता के अनुसार, उक्त घटना के बाद 15 फरवरी की रात्रि में पुनः दूसरे अज्ञात नंबर से अमर्यादित भाषा में टेक्स्ट मैसेज भेजे गए। इन मैसेजों के स्क्रीनशॉट भी तहरीर के साथ संलग्न किए गए हैं। लगातार मिल रही धमकियों से वह अत्यंत भयभीत और मानसिक रूप से परेशान हैं। महिला की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज जांच शुरु कर दी है। बताया कि अज्ञात नंबरों की कॉल डिटेल्स निकलवाकर आरोपित की पहचान तय की जाएगी।

मारपीट व हमले की घटनाओं में सात लोग घायल 

बाराबंकी: अलग-अलग स्थानों पर हुई मारपीट व हमले की घटनाओं में सात लोग घायल हो गए, इनमें महिलाओं और व्यापारियों तक को निशाना बनाया गया। पीड़ितों ने संबंधित थानों में तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराई है। 
थाना कोतवाली फतेहपुर क्षेत्र के मोहल्ला फैय्याजपुरा निवासी नूर मोहम्मद ने पुलिस को बताया कि अज्ञात व्यक्ति ने उनके ऑटो में टक्कर मारने के बाद लोहे की रॉड से हमला कर दिया। हमले में उनके पैर में गंभीर चोट आई और काफी खून बहा। उनका इलाज सीएचसी में कराया गया।

आरोप लगाया है कि वह मेहनत मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं, ऐसे में इलाज का खर्च दिलाया जाए और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाए। इसी कस्बे के नालापार दक्षिणी निवासी राहुल जायसवाल ने बताया कि उनकी कॉस्मेटिक दुकान पर काम करने वाले युवक से लेन-देन को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि जोशी टोला निवासी बीरू ने लोहे की रॉड से हमला कर उनका सिर फोड़ दिया और जान से मारने की धमकी दी।

हैदरगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत कस्बे की सब्जी मंडी में ज्वैलर्स की दुकान बंद कर रहे नितिन और विकास सोनी पर कथित रूप से पीछे से हमला कर दिया गया। आरोप है कि विष्णु मिश्रा ने मारपीट की और बीच-बचाव करने पर विकास को धक्का देकर गिरा दिया। आरोपी और उसके परिजन आए दिन गाली-गलौज और धमकी देते रहते हैं।

मोहम्मदपुरखाला थाना क्षेत्र के बैसनपुरवा गांव में पुष्पा देवी ने बताया कि सर्वेश नामक युवक ने उनकी सास श्यामा देवी को गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और धक्का दे दिया, जिससे वह सड़क पर गिरकर घायल हो गईं। उन्हें सीएचसी सूरतगंज में भर्ती कराया गया है। सतरिख थाना क्षेत्र के भिटौली कला गांव निवासी शिवम राजभर ने आरोप लगाया कि गांव का ही एक युवक घर में घुस आया और विरोध करने पर उनकी मां को धक्का दिया। बीच-बचाव करने पर आरोपी ने ईंट मारकर शिवम के हाथ की नस काट दी। 

स्कूल से लौट रहे दो सगे भाइयों पर हमला 

नगर कोतवाली क्षेत्र में स्कूल से घर लौट रहे दो सगे भाइयों पर घात लगाकर हमला किया गया। हमलावरों ने टिंबर स्टोर से पटरी लेकर इनकी पिटाई की। सतरिख थाना क्षेत्र में कस्बे के मोहल्ला मोहना निवासी संतोष कुमार शुक्ला के पुत्र लव शुक्ला और कुश शुक्ला महारानी लक्ष्मी बाई इंटर कॉलेज लखपेड़ाबाग में अध्ययनरत हैं। आरोप है कि 13 फरवरी को दोपहर करीब दो बजे दोनों भाई स्कूल से घर लौट रहे थे। जैसे ही वे पायनियर चौराहे लखपेड़ाबाग के पास पहुंचे, पहले से घात लगाए बैठे दो युवकों ने उन पर हमला कर दिया।

तहरीर के मुताबिक, आरोपित आराध्य त्रिवेदी पुत्र नीरज त्रिवेदी निवासी रसूलपुर तथा मो. शैफ पुत्र शुएब अहमद निवासी उत्तर टोली बंकी ने टिम्बर की कील लगी पटरी और लात-घूंसों से दोनों भाइयों की पिटाई की। हमले के दौरान गाली-गलौज भी की गई। शोर मचाने पर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए, जिसके बाद दोनों जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। परिजनों का कहना है कि दोनों बच्चों को चोटें आई हैं।

संबंधित समाचार