विधानसभा में सपा विधायक ने सहारनपुर में 32 गांवों में बुनियादी सुविधाओं के अभाव का मुद्दा उठाया
सहारनपुर। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर नगर निगम में शामिल 32 गांवों में बुनियादी सुविधाओं के अभाव का मुद्दा विधानसभा में उठाते हुए समाजवादी पार्टी (सपा) विधायक आशु मलिक ने सरकार से हस्तक्षेप की मांग की है। आशु मलिक ने कहा कि नगर निगम का बजट लगभग 450 करोड़ रुपये है, इसके बावजूद निगम क्षेत्र में शामिल गांवों में विकास कार्य नगण्य हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि इन गांवों में न तो सड़क निर्माण हुआ है और न ही जल निकासी के लिए नाले-नालियों की समुचित व्यवस्था की गई है। विधायक ने विधानसभा के चालू सत्र में सरकार का ध्यान इस ओर आकर्षित करते हुए कहा कि सहारनपुर नगर निगम के मेयर और आयुक्त को निर्देशित किया जाए कि वे इन गांवों में विकास कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराएं।
उन्होंने बताया कि सहारनपुर देहात विधानसभा क्षेत्र की गुलदस्ता कॉलोनी, गणपति कॉलोनी, कैलाश विहार, नवादा रोड, काजूवाला, सड़कडोली, काजीपुरा और दानिश कॉलोनी जैसे क्षेत्रों में विकास के नाम पर कोई ठोस कार्य नहीं हुआ है।
आशु मलिक का कहना है कि नगर निगम में शामिल होने से पहले इन गांवों में ग्राम पंचायतें विकास कार्य कराती थीं, लेकिन निगम में शामिल होने के बाद वे कार्य बंद हो गए और अब निगम प्रशासन भी समुचित ध्यान नहीं दे रहा है, जिससे स्थिति पहले से बदतर हो गई है।
उन्होंने यह भी कहा कि कई बार मीडिया द्वारा भी इस उपेक्षा की ओर ध्यान दिलाया गया है, लेकिन नगर आयुक्त शिपू गिरि और मेयर डा. अजय सिंह के आश्वासनों के बावजूद अब तक ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। विधायक ने कहा कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो वे इस मुद्दे को और व्यापक स्तर पर उठाएंगे।
