केजीएमयू में तीन नए HRF दवा केंद्र शुरू, मरीजों को बड़ी राहत... 80% तक छूट पर दवाएं, जानें पूरी details

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

लखनऊ, अमृत विचार : मरीजों को किफायती दवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में केजीएमयू में तीन नए एचआरएफ (हॉस्पिटल रिवॉल्विंग फंड) दवा आउटलेट शुरू किए गए हैं। शताब्दी फेज टू में कुलपति प्रो. सोनिया नित्यानंद ने गुरुवार को फीता काटकर एक साथ तीन दवा काउंटरों का उद्घाटन किया, इसके साथ ही परिसर में संचालित दवा केंद्रों की संख्या बढ़कर 25 हो गई है।

चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सुरेश कुमार ने बताया कि केजीएमयू परिसर में चार और नए आउटलेट शुरू करने की तैयारी है, जिनमें न्यू लारी कार्डियोलॉजी और 24×7 संचालित होने वाला केंद्र शामिल है। उन्होंने बताया कि केजीएमयू प्रशासन का लक्ष्य है कि कोई भी मरीज आर्थिक कारणों से उपचार से वंचित न रहे।

एचआरएफ में परचेज आफिसर डॉ. पदमेद्र कुमार का कहना है कि मुख्य ओपीडी भवन के भूतल पर शुरू किए गए नए आउटलेट पर दवाएं अधिकतम 80 प्रतिशत तक की छूट पर उपलब्ध होंगी। केजीएमयू की ओपीडी में प्रतिदिन लगभग 8 से 10 हजार मरीज आते हैं। इसके अलावा शताब्दी फेज-टू में दूसरी और पांचवीं मंजिल पर भी एक-एक नए आउटलेट खोले गए हैं, जहां भर्ती मरीजों को दवाएं व सर्जिकल सामग्री सीधे उपलब्ध कराई जाएगी। सभी केंद्रों पर ऑनलाइन भुगतान, सीसीटीवी निगरानी और प्रतिदिन कम से कम 12 घंटे संचालन की व्यवस्था की गई है।

संबंधित समाचार