फार्म 7 की आड़ में कटवा रही वोट.., अखिलेश यादव का आरोप- कानपुर को भाजपा ने बदनामपुर बना दिया,
कानपुर। समाजवादी पार्टी के मुखिया एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव भाजपा पर जमकर बरसे, बोले कानपुर को भाजपा ने बदनामपुर बना दिया। पाकिस्तान की चिंता करते करते पूरा बाजार चाइना को थमा दिया। अमेरिका से डील ने ढील हुई है क्योंकि गाय भैंस का चारा, मुर्गी का दाना भी अमेरिका से आएगा, ऐसे में हमारे देश के किसान बर्बाद हो जाएंगे। समाजवादी पार्टी के नगर अध्यक्ष फजल महमूद के बहू बेटे को आर्शीवाद देने आए अखिलेश यादव उनके सिविल लाइंस स्थित आवास पर पत्रकारों से बात कर रहे थे। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि स्मार्ट सिटी के नाम पर कानपुर को ये भाजपाई लूट लेंगे।
उन्होंने कहा कि कानपुर में पुलिस-वकील की गुटबाजी, सीएमओ-डीएम की गुटबाजी, एनकाउंटर की स्क्रिप्ट भी कानपुर में ही लिखने की मामला सामने आया, काले नाले में भ्रष्टाचार समेत कई ऐसे मामले हैं जिसने कानपुर को बदनाम करके रख दिया। उन्होंने कहा कि जगह जगह जाम से ऐसे लगता है कि जैसे प्रशासन को मोतियाबिंद हो गया है। उन्होंने भ्रष्टाचार पर प्रहार करते हुए कहा कि गंगापुल पर घंटों लोग जाम में फंसे रहते हैं क्योंकि शहर की डिजाइन तक सही नहीं है, सड़कों के चौड़ीकरण का ठेका हो सकता है भाजपा वालों ने अपने लोगों को दे रखा हो।
4 लाख करोड़ से हवाई जहाज खरीदने का ठेका
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने 4 लाख करोड़ रुपये से जहाज खरीदने का ठेका दे दिया है और मेक इन इंडिया की बात कर रहे हैं, जब बाहर से सब कुछ खरीद रहे हैं तो मेक इन इंडिया कहां रह गया।
इटावा-कन्नौज-कानपुर को मिलाकर बनाएंगे मैनचेस्टर
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि जब उनकी सरकार थी तो रिवर फ्रंट की तर्ज पर कानपुर-कन्नौज और इटावा को मिलाकर कानपुर को एक बार फिर मेनचेस्टर बनाना चाहते थे। ट्रांसगंगा सिटी को बर्बाद कर दिया। वर्ष 2027 में उत्तर प्रदेश की अवाम बदलाव चाहती है और बदलाव होते ही मैनचेस्टर का ख्वाब पूरा करेंगे। उन्होंने वादा किया कि लाल इमली को एक बार फिर चालू करेंगे।
चुनाव आयोग से मिलकर भाजपा वोट कटवा रही
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि चुनाव आयोग से मिलकर भाजपा पीडीए विशेषकर अल्पसंख्यकों का वोट कटवा रही है, फार्म 7 भरवाने की क्या जरुरत है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने किसी बड़ी कंपनी को हायर किया है जिसके माध्यम से वोट काटने का काम हो रहा है। इसका पता चलना चाहिए कि आखिर ये कौन सी कंपनी है। बीएलओ बहुत ईमानदारी से काम कर रहे हैं लेकिन सारा खेल ऊपर से है।
हथेली गरम-पुलिस नरम
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि शंकराचार्य जी को स्नान नहीं करने दिया, सादी वर्दी में पुलिस वालों को लगा दिया गया था। उन्होंने कहा कि हथेली गरम तो पुलिस नरम। उन्होंने कहा कि वाराणसी में मूर्तियां तोड़ दीं, नेपाल नरेश ने घंटा दिया था, वह भी चोरी हो गया। मुख्यमंत्री कह रहे हैं कि एआई ने तोड़ दीं। मुख्यमंत्री को एआई के बारे में पता ही नही है।
जाजमऊ पुल पर जाम में फंसे अखिलेश ने ट्वीट किया
दावा तो ये है कि लखनऊ से कानपुर 45 मिनट में पहुंचा देंगे, ‘उल्टी गणितवालों से सब पूछ रहे हैं कि दो स्मार्ट सिटी के बीच में ये जो गंगा ब्रिज पर 90 मिनट का जाम लगता है, वो इसमें शामिल है या अनुपूरक बजट की तरह इसकी बात अलग से की जाएगी। भाजपाइयों की यही सबसे बुरी बात है कि जिनता बताते नहीं हैं, उससे दोगुना छिपाते हैं।
