किडनी ट्रांसप्लांट का झांसा देकर बलरामपुर अस्पताल के डॉक्टर ने ठगे 35 लाख, डीसीपी पूर्वी के आदेश पर गोमतीनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज
लखनऊ, अमृत विचार: पिता की किडनी ट्रांसप्लांट कराने का झांसा देकर दिल्ली के एक डॉक्टर से बलरामपुर अस्पताल के डॉक्टर देवेंद्र सिंह ने 35 लाख रुपये ठग लिए। चार माह में रुपये वापस करने का आश्वासन देकर परिचित के खाते में रुपये लिए। तय समय बाद पीड़ित ने रुपये वापस मांगे तो उन्हें चेक दिया, जो बाउंस हो गया। डीसीपी पूर्वी शशांक सिंह के आदेश पर गोमतीनगर पुलिस ने डॉक्टर समेत दो के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
नई दिल्ली के पश्चिम विहार स्थित एलआईसी कॉलोनी निवासी डा. भारत भूषण कालरा दिल्ली में प्रैक्टिस करते हैं। उन्होंने बताया कि फ्लोरेट अस्पताल नई दिल्ली के बाल रोग विशेषज्ञ डा. मनोज मेहतो के माध्यम से लखनऊ के बलरामपुर अस्पताल में तैनात शिशु रोग विशेषज्ञ डा. देवेंद्र सिंह से मुलाकात हुई थी। इसी दौरान डा. देवेंद्र सिंह ने अपने पिता की किडनी ट्रांसप्लांट के लिए 35 लाख रुपये की जरूरत बताई और तीन-चार महीने में रकम लौटाने का आश्वासन दिया। डा. मनोज मेहतो के कहने पर डा. भारत भूषण ने कागजी प्रक्रिया पूरी कर रुपये देने का आश्वासन दिया।
जब डा. भारत भूषण ने बैंक खाते की जानकारी मांगी तो डा. देवेंद्र सिंह ने खुद को सरकारी कर्मचारी बताते हुए अपने खाते में पैसे लेने से इनकार करते हुए अपने दोस्त अमन श्रीवास्तव का बैंक खाता दे दिया। इसके बाद डा. भारत भूषण ने ऑनलाइन ट्रांसफर और चेक के माध्यम से 35 लाख रुपये अमन श्रीवास्तव के खाते में जमा कर दिए। तय समय बीतने के बाद पीड़ित ने डा. देवेंद्र और अमन श्रीवास्तव से संपर्क कर रुपये वापस मांगे तो वे आनाकानी करने लगे। 28 नवंबर 2023 को डा. भारत भूषण पत्नी दीपशिखा और दो मित्रों के साथ लखनऊ पहुंचे। यहां डा. देवेंद्र सिंह ने उन्हें गोमती नगर के एक सुनसान स्थान पर मिलने के लिए बुलाया और देर रात तक टालमटोल करते रहे।
बाद में उन्हें इंदिरानगर स्थित अमन श्रीवास्तव के घर ले गए। वहां उन्हें एक चेक दे दिया गया। डा. देवेंद्र सिंह ने कहा कि अगर दस दिन में रुपये वापस नहीं मिलते हैं तो चेक बैंक में जमा कर सकते हैं। दस दिन बाद जब डा. भारत भूषण ने चेक बैंक में जमा किया तो वह बाउंस हो गया। बैंक से पता चला कि जिस खाते का चेक दिया गया था, वह करीब दो साल पहले ही बंद हो चुका था। इंस्पेक्टर गोमतीनगर बृजेश चंद्र तिवारी ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।
