लखनऊ कोर्ट में चार घंटे चला सर्च अभियान : अयोध्या व वाराणसी समेत 19 कचहरी को बम से उड़ाने की धमकी

Amrit Vichar Network
Published By Virendra Pandey
On

सभी जिला जज के आधिकारिक ई-मेल पर भेजे गए धमकी भरे संदेश

लखनऊ, अमृत विचार : लखनऊ, अयोध्या और वाराणसी समेत प्रदेश के 19 जिला कचहरी को बम से उड़ाने की धमकी शुक्रवार सुबह दी गई। यह धमकी सभी जिला जज के आधिकारिक ई-मेल के जरिये भेजा गया। जानकारी होने पर तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। पूरा कचहरी परिसर खाली कराया गया। पुलिस व बम निरोधक दस्ते ने सर्च अभियान चलाया। वहीं साइबर क्राइम की टीम ई-मेल भेजने वाले के बारे में जानकारी जुटा रही है। लखनऊ में जिला कचहरी में चार घंटे तक सर्च अभियान चला, हालांकि कुछ भी हाथ नहीं लगा। परिसर की सुरक्षा के बंदोबस्त किये गये।

जिला जज के आधिकारिक मेल आईडी पर शुक्रवार की दोपहर एक धमकी भरा ई-मेल आया जिसमें कोर्ट परिसर को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। आनन-फानन में इसकी सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस, बम निरोधक दस्ते और डाग स्क्वायड टीम ने पूरे परिसर में सघन तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान आम लोगों का परिसर में प्रवेश रोक दिया गया। इंस्पेक्टर वजीरगंज राजेश त्रिपाठी के मुताबिक इस मेल के बारे में जिला जज की तरफ से सूचना दी गई थी। आधा दर्जन से अधिक टीमों ने पूरे कचहरी परिसर की तलाशी ली। अंदर मौजूद कई संदिग्ध दिखने वाले लोगों से पूछताछ की गई। सड़क किनारे, अधिवक्ताओं के चैम्बर, पार्किंग में खड़े दो और चार पहिया वाहनों की भी बम निरोधक दस्ते ने जांच की।

परिसर में अफरा-तफरी का माहौल

कचहरी उड़ाने की धमकी के मेल की जानकारी परिसर में वकीलों, पैरोकार व अन्य लोगों को हुई तो अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने तत्काल बाहर से अंदर आने वालों को रोक दिया। पूरा परिसर खाली कराया गया। चैंबर और कोर्ट रूम में मौजूद अधिवक्ता और अन्य लोग भी काम बंद कर बाहर आ गए। पुलिस ने लगभग चार घंटे तक परिसर में तलाशी अभियान चला। इस दौरान कोई विस्फोटक नहीं मिला। इंस्पेक्टर के मुताबिक एहतियात के तौर पर कोर्ट परिसर की सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। मेल भेजने वाले के बारे में आईपी एड्रेस की मदद से जानकारी जुटाई जा रही है। साइबर क्राइम टीम की मदद भी ली जाएगी।

डीसीपी पश्चिम विश्वजीत श्रीवास्तव ने बताया कि पूरे कचहरी परिसर की तलाशी ली गई है। हालांकि कोई संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति नहीं मिला है। साइबर क्राइम व सर्विलांस की टीमों को मेल भेजने वाले के बारे में जानकारी हासिल करने के लिए लगाया गया है। इस मामले में अन्य जिलों की पुलिस से भी संपर्क किया जा रहा है।

यह भी पढ़ें : अविमुक्तेश्वरानंद विवाद पर बोले योगी: कहा - हर व्यक्ति शंकराचार्य नहीं लिख सकता

संबंधित समाचार