Bareilly : 68 गांवों के किसानों को मालामाल करेगा ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे
शामली-गोरखपुर ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे बहेड़ी और नवाबगंज तहसील के 34-34 गांवों से होकर गुजरेगा
बरेली, अमृत विचार। पश्चिम-पूरब के बीच कनेक्टिविटी बेहतर करने के लिए शामली से गोरखपुर तक ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे का निर्माण कराया जा रहा है। यह एक्सप्रेस-वे जनपद के 68 गांवों से होकर गुजरेगा। सैकड़ों हेक्टेयर भूमि अर्जन होने से एक्सप्रेस-वे तहसील बहेड़ी और नवाबगंज के 68 गांवों के किसानों को मालामाल करेगा। कई हजार किसानों को भूमि अर्जन होने पर अरबों रुपये मिलेगा। जिन गांवों से होकर गुजरेगा, वहां भविष्य में रोजगार के रास्ते भी खुल सकेंगे। एनएचएआई का पत्र मिलने के बाद बतौर सक्षम अधिकारी नामित होने पर विशेष भूमि अध्याप्ति अधिकारी देश दीपक सिंह ने गांवों का चयन किया है। पहले चरण की कार्रवाई शुरू हो गई है।
दरअसल, करीब सात सौ किलोमीटर लंबे ग्रीन फील्ड लिंक एक्सप्रेस-वे परियोजना का निर्माण आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे, पूर्वांचल एक्सप्रेस और गंगा एक्सप्रेस-वे को आपस में जोड़ने के लिए किया जा रहा है। 6 लेन ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस-वे बरेली सहित यूपी के 22 जिलों से गुजरेगा। पिछले साल दिसंबर में एनएचएआई को दिल्ली स्थित मुख्यालय से एलाइनमेंट की मंजूरी मिल गई थी। पहले चरण में शामली से पुवायां तक करीब 350 किमी सड़क का निर्माण होगा। फिर बरेली जनपद में एक्सप्रेस-वे प्रवेश करेगा। दिसंबर में एनएचएआई की ओर से जिन गांवों की सूची विशेष भूमि अध्याप्ति अधिकारी कार्यालय भेजी गयी, विशेष भूमि अध्याप्ति अधिकारी की जांच के बाद सूची एनएचएआई को भेज दी गयी। एक्सप्रेस-वे के निर्माण से बरेली, शाहजहांपुर, रामपुर आदि के लोगों का आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे और पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर सीधे जाने का रास्ता खुल जाएगा।
इधर, विशेष भूमि अध्याप्ति अधिकारी एवं एडीएम जे देश दीपक सिंह ने बताया कि यह एक्सप्रेस-वे बरेली की दो तहसीलों में बहेड़ी और नवाबगंज से होकर गुजरेगा। कुल 68 गांवों का चयन किया गया है। मीरगंज तहसील के गांव इसमें शामिल नहीं होंगे। गांवों की प्रारंभिक रिपोर्ट एनएचएआई के बरेली निदेशक को जांच के बाद भेजी जा चुकी।
इन गांवों की भूमि अर्जन होगी
ग्रीन फील्ड लिंक एक्सप्रेस-वे में नवाबगंज तहसील के गजरौला, सतुइया खुर्द, इनायतपुर, धौनेरा, जिगिनया, नवदिया, खाता, खटुआ, बरखन, अभय राजपुर, अधकटा रब्बानी बेगम, नवादा इकरामुल्लाह, हथेली, सिठौरा, ढकिया बरकली, डंडिया सफदरअली, तिगरी, नकटी नारायनपुर, धानौर जागीर, नवदिया मोती राम, नौगवां भगतापुर, जारपा मोहनपुर, मुड़िया मलूकपुर आदि 34 गांव शामिल हैं, जबकि बहेड़ी तहसील के खमरिया, पंडरी, परेवा, कनकपुरी, मवई काजियान, सिसई, परसरामपुर सहित 34 गांव शामिल हैं।
ऐसे गुजरेगा यह एक्सप्रेस-वे
बताते हैं कि यह एक्सप्रेस-वे शामली से शुरू होकर मेरठ, सहारनपुर, मुरादाबाद, रामपुर होते हुए बरेली में बहेड़ी तहसील में दाखिल होगा। इसके बाद नवाबगंज तहसील की सीमा में पहुंचेगा। यहां से पूरनपुर और बीसलपुर तहसील क्षेत्र से होते हुए शाहजहांपुर के पुवायां तहसील फिर लखीमपुर खीरी होते हुए कई अन्य जिलों से गुजरते हुए गोरखपुर तक जाएगा। यह प्रदेश के कुल 22 जनपदों से होकर गुजरेगा। पहले तीन तहसीलों के गांव शामिल होने की बात सामने आई थी लेकिन अब दो ही तहसीलों से होकर एक्सप्रेस-वे गुजरेगा, अभी गांवों का चयन होने के बाद आगे की प्रक्रिया नहीं बढ़ी है, हालांकि कुछ जिलों में भूमि अधिग्रहण की कार्यवाही शुरू हो गयी है।
