Uttrakhand : कॉर्बेट क्षेत्र के रामनगर-ढेला मार्ग पर विशालकाय अजगर सड़क पर लेटा, दोनों ओर थमा यातायात

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

रामनगर, अमृत विचार। उत्तराखंड में कॉर्बेट क्षेत्र के रामनगर-ढेला मार्ग पर उस समय लोगों की सांसें थम गईं, जब एक विशालकाय पायथन अचानक सड़क पर आकर फैल गया। सड़क के बीचों-बीच लेटा यह अजगर धूप की गर्माहट लेता नजर आया और उसका आकार इतना बड़ा था कि दूर से देखने पर वह किसी रोड ब्रेकर जैसा प्रतीत हो रहा था।

सुबह के समय इस अनोखे और रोमांचक दृश्य को देखकर वाहन चालकों ने तुरंत अपने वाहन रोक दिए, जिससे मार्ग के दोनों ओर लंबी वाहनों की कतार लग गई और यातायात कुछ समय के लिए पूरी तरह बाधित हो गया। कई पर्यटक और स्थानीय लोग अपने वाहनों से उतरकर सुरक्षित दूरी से इस दुर्लभ नजारे को देखने लगे और मोबाइल कैमरों में वीडियो कैद करते नजर आए। यह मार्ग कॉर्बेट टाइगर रिजर्व से सटा हुआ क्षेत्र है, जहां अक्सर वन्यजीवों की आवाजाही बनी रहती है। विशेषज्ञों के अनुसार, मौसम में बढ़ती गर्माहट के चलते सरीसृप प्रजाति के जीव धूप सेंकने के लिए खुली और गर्म सतहों, विशेषकर सड़कों पर आ जाते हैं। सड़क की गर्म सतह अजगर के लिए शरीर का तापमान संतुलित करने का आसान माध्यम बन जाती है। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सबसे पहले सुरक्षा के दृष्टिकोण से मार्ग पर भीड़ को नियंत्रित किया गया। वनकर्मियों ने लोगों को अजगर से दूरी बनाए रखने की सख्त हिदायत दी और सावधानीपूर्वक रेस्क्यू की तैयारी शुरू की। कुछ समय बाद अजगर स्वयं धीरे-धीरे सड़क से हटकर जंगल की ओर बढ़ गया, जिसके बाद यातायात सुचारु रूप से बहाल किया गया। वन विभाग ने पर्यटकों और स्थानीय नागरिकों से अपील की है कि ऐसे किसी भी वन्यजीव के दिखने पर घबराएं नहीं, नजदीक जाने से बचें और तुरंत विभाग को सूचना दें, ताकि वन्यजीवों और आमजन दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

संबंधित समाचार