बाराबंकी : मिशन शक्ति टीम की फुर्ती से मिली खोई मासूम, परिजनों की आंखों से छलक पड़े खुशी के आंसू

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

देवा/बाराबंकी, अमृत विचार। देवा मजार पर गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब चादर चढ़ाने आई महिला की सात वर्षीय बेटी अचानक लापता हो गई। ग्राम नई बस्ती, पोस्ट ढकौली, थाना जहांगीराबाद निवासी तशरूमुन पत्नी मोहम्मद जमील ने थाना देवा पहुंचकर अपनी बेटी उजमा (7 वर्ष) के खो जाने की सूचना दी।

सूचना मिलते ही कोतवाल देवा अजय कुमार त्रिपाठी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल मिशन शक्ति टीम को सक्रिय कर दिया। बिना समय गंवाए पुलिसकर्मियों ने मजार परिसर, आसपास की दुकानों और मुख्य मार्गों पर सघन तलाश अभियान शुरू किया।

पुलिस की सतर्क निगरानी और त्वरित कार्रवाई का परिणाम रहा कि कुछ ही देर में बालिका कस्बे से करीब 2 किलोमीटर दूर देवा सद्दीपुर मार्ग पर जसनवारा के पास रोती हुई मिली मिशन शक्ति टीम ने बच्ची को सुरक्षित संरक्षण में लेकर परिजनों को सूचना दी और सकुशल सुपुर्द कर दिया।

बेटी को सुरक्षित पाकर परिजनों की आंखों में खुशी के आंसू छलक पड़े बालिका की खोज में मिशन शक्ति प्रभारी महिला उपनिरीक्षक चंदा यादव, महिला कांस्टेबल नीता तोमर, कांस्टेबल जयंत सिंह, महिला कांस्टेबल शीतल चौहान और महिला कांस्टेबल अंकिता दुबे की सक्रिय भूमिका रही देवा पुलिस की तत्परता और संवेदनशीलता ने एक संभावित अनहोनी को टालते हुए एक बार फिर जनता के बीच भरोसे को मजबूत किया है।

संबंधित समाचार