मुजफ्फरनगर में 80 करोड़ से अधिक की ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 6 साइबर ठग गिरफ्तार
मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश में मुजफ्फरनगर जिले की थाना फुगाना और साइबर थाना की संयुक्त टीम ने करीब 80 करोड़ रुपये से अधिक की साइबर ठगी करने वाले गिरोह के छह शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से नौ मोबाइल फोन, 12 एटीएम कार्ड, दो पैन कार्ड, एक आधार कार्ड, दो चेक बुक, एक पासबुक, सात फिनो बैंक की प्री-एक्टीवेटेड किट, एक बैग, एक माउस, एक वाई-फाई राउटर, कनेक्टिंग केबल, एक मॉनिटर, एक सीपीयू, एक प्रिंटर तथा 5610 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
जांच में सामने आया है कि बरामद मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल साक्ष्यों में 150 से अधिक बैंक खातों के माध्यम से लगभग 80 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी से जुड़ी 100 से अधिक शिकायतें महाराष्ट्र, दिल्ली, गुजरात, तमिलनाडु और केरल में दर्ज हैं। कार्रवाई संजय कुमार वर्मा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुजफ्फरनगर के पर्यवेक्षण में की गई।
यह अभियान अपर पुलिस महानिदेशक मेरठ जोन तथा पुलिस उपमहानिरीक्षक सहारनपुर परिक्षेत्र के निर्देशन में चलाया गया। पुलिस के अनुसार गृह मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा विकसित ऑनलाइन पोर्टल "प्रतिबिंब" पर प्राप्त शिकायतों के आधार पर जांच शुरू की गई थी। जांच में प्रयुक्त मोबाइल नंबर और बैंक खाते मुजफ्फरनगर जनपद में संचालित पाए गए, जिसके बाद संयुक्त टीम ने गहन छानबीन कर छह आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार अभियुक्तों में अक्षय (थाना फुगाना), हर्ष आर्य (थाना भोपा), भव्यांश (थाना भोपा), सचिन (जनपद गाजियाबाद), हरेंद्र (जनपद हरिद्वार, उत्तराखंड) और आर्यन (थाना नई मंडी, मुजफ्फरनगर) शामिल हैं। दो अन्य आरोपी राजा (ग्राम करौदा महाजन) और अनुराग (गाजियाबाद) फरार बताए गए हैं। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे लोगों को पैसों का लालच देकर उनके बैंक खाते, सिम कार्ड, आधार व पैन कार्ड हासिल कर साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराते थे। इन खातों में ठगी की रकम मंगाकर कमीशन के रूप में हिस्सा लेते थे।
कुछ खातों से एटीएम के माध्यम से नकद निकासी भी की जाती थी तथा फर्जी हस्ताक्षर कर चेक का उपयोग किया जाता था। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ थाना फुगाना में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में थाना फुगाना और साइबर थाना के प्रभारी निरीक्षक व अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
