प्रयागराज : शादी समारोह में युवक की निर्मम हत्या, मुख्य आरोपी समेत नौ गिरफ्तार
प्रयागराज। प्रयागराज के नैनी थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात एक शादी समारोह के दौरान हुए विवाद में युवक की चापड़ और लोहे की सरिया से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने गेस्ट हाउस में तोड़फोड़ की और शव को सड़क पर रखकर हंगामा किया। पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत नौ लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार नैनी थाना क्षेत्र स्थित कुशवाहा गेस्ट हाउस में मड़ौका निवासी ननकऊ की बेटी की शादी थी। बारात गुरुवार रात गेस्ट हाउस में ठहरी हुई थी। देर रात करीब 12 बजे कुछ बाराती पास में रहने वाले राजेश निषाद के खाली प्लॉट में पेशाब करने लगे। उसी प्लॉट में राजेश की गाड़ी खड़ी थी और वहां उसके माता-पिता की समाधि भी बनी हुई है।
राजेश ने इसका विरोध किया, जिस पर कहासुनी बढ़ते-बढ़ते मारपीट में बदल गई। आरोप है कि विवाद के दौरान ननकऊ का भतीजा सुनील कनौजिया मौके पर पहुंचा और गेस्ट हाउस में तंदूर पर रखी लोहे की सरिया उठाकर राजेश पर कई वार किए। इसके बाद चापड़ से भी हमला किया गया। गंभीर रूप से घायल राजेश खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ा और कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई।
युवक की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। आक्रोशित परिजनों ने गेस्ट हाउस में तोड़फोड़ की और शव को सड़क पर रखकर बैठ गए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन परिजन आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे। बाद में अधिकारियों के आश्वासन पर स्थिति शांत हुई। नैनी थाना पुलिस ने गेस्ट हाउस से 12 बारातियों को हिरासत में लिया।
तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी सुनील कनौजिया को जौनपुर से गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके साथ अन्य आठ आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया है। इस संबंध में सहायक पुलिस उपायुक्त करछना सुनील कुमार सिंह ने बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है और घटना की विस्तृत जांच के लिए टीम गठित की गई है।
