Bareilly : तेज रफ्तार टैंकर की टक्कर से स्कूटी सवार महिला की मौत
गुरुवार सुबह इसाइयों की पुलिया के पास हुआ हादसा
बरेली, अमृत विचार। तेज रफ्तार टैंकर ने स्कूटी सवार महिला को टक्कर मार दी। हादसे में महिला की मौत हो गई। वाहन चालक फरार हो गया। पुलिस ने महिला का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर सीसीटीवी कैमरे की मदद से वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी है।
कैंट थाना क्षेत्र के नकटिया निवासी राजवीर सिंह की बेटी मीना (32) गुरुवार सुबह स्कूटी से शहर की तरफ आ रही थीं। इसाइयों की पुलिया के पास टैंकर ने उनकी स्कूटी में टक्कर मार दी। हादसे में मीना गंभीर रूप से घायल हो गईं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उन्हें जिला अस्पताल भिजवाया। जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने महिला के परिजनों को हादसे की सूचना दी। सेटेलाइट चौराहा चौकी प्रभारी विनय बहादुर ने बताया कि आरोपी वाहन चालक की तलाश की जा रही है।
पति से विवाद के चलते अलग रहती थीं मीना
पिता राजवीर ने बताया कि मीना का पति से विवाद चल रहा है। पिछले करीब 12 साल से मीना पति से अलग रह रही थीं। वर्तमान में वह कैंट थाना क्षेत्र में नकटिया पावर हाउस के पास किराए के मकान में अकेली रहती थीं। वह निजी अस्पताल में काम कर रही थीं। गुरुवार को वह हादसे का शिकार हो गईं।
