आतंकवादी संगठन 'खालिस्तान कमांडो फोर्स' का आतंकी सुखविंदर गिरफ्तार, लंबे समय से चल रहा था फरार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ। उत्तर प्रदेश पुलिस के आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) और कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की संयुक्त टीम ने प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन खालिस्तान कमांडो फोर्स (के.सी.एफ.) के एक वांछित और लंबे समय से फरार आतंकी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है।

गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान सुखविंदर सिंह ढिल्लों उर्फ दयाल सिंह उर्फ राकेश शर्मा उर्फ छिंदा (63 वर्ष) पुत्र बंता सिंह, निवासी कपूरथला, पंजाब के रूप में हुई है। एटीएस की नोएडा यूनिट को सूचना प्राप्त हो रही थी कि सुखविंदर सिंह ढिल्लों, जो के.सी.एफ. का सक्रिय सदस्य रहा है, वर्षों से फरार चल रहा है। 

उसके विरुद्ध थाना सेक्टर-20, गौतमबुद्धनगर में वर्ष 1993 में धारा 25/27 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज हुआ था। उस समय उसे ए.के.-56 राइफल और 121 कारतूस के साथ गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया था। नौ दिसंबर 1993 को जमानत मिलने के बाद 16 अगस्त 1995 के बाद से वह न्यायालय में उपस्थित नहीं हुआ और लगातार फरार चल रहा था। न्यायालय द्वारा उसके विरुद्ध गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया था। 

इधर एटीएस ने तकनीकी और खुफिया माध्यमों से जानकारी विकसित कर पता लगाया कि अभियुक्त वर्तमान में खरड़, जनपद एस.ए.एस. नगर (मोहाली), पंजाब में रह रहा है। इसके बाद एटीएस उत्तर प्रदेश और गौतमबुद्धनगर पुलिस की संयुक्त टीम ने उसे एक दिन पूर्व बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। अभियुक्त के विरुद्ध हत्या, हत्या के प्रयास, शस्त्र अधिनियम सहित कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तारी के बाद उससे पूछताछ की जा रही है तथा आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। 

संबंधित समाचार