Moradabaad : दुल्हनों को भा रहे सूरत के डिजाइनर ब्राइडल लहंगे

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

सहालग में बाजरों में रौनक, देर रात तक दुकानों पर की जा रही रही खरीदारी

मुरादाबाद, अमृत विचार। शादी-विवाह के सीजन में शहर के बाजार दुल्हनों के लिए शादी के कपड़े और अन्य सामग्री की खरीदारी से गुलजार हैं। बुधबाजार, टाउन हॉल, चौमुखापुल और ताड़ीखाना समेत अन्य प्रमुख बाजारों में देर रात तक रौनक है। इस बार सूरत के डिजाइनर ब्राइडल लहंगे दुल्हनों की पहली पसंद बने हुए हैं। हैंडवर्क, खाटली वर्क और जरी-जरदोजी से सजे लहंगे युवतियों को खूब भा रहे हैं। चार हजार रुपये से लेकर 30 हजार रुपये तक की रेंज में उपलब्ध लहंगे हर वर्ग की दुल्हनों को आकर्षित कर रहे हैं।

हैंडवर्क और खाटली वर्क की बढ़ी डिमांड
इस बार बाजार में हल्के वजन के साथ हैवी लुक देने वाले लहंगे ट्रेंड में हैं। पारंपरिक लाल और मैरून के साथ पेस्टल शेड्स, रॉयल ब्लू, वाइन और फ्यूशिया पिंक रंग भी खूब पसंद किए जा रहे हैं। खासकर खाटली वर्क, सीक्विन, मिरर वर्क और जरी कढ़ाई वाले लहंगों की मांग अधिक है।

एम्ब्रॉयडरी वाला डिजाइन भी चलन में
बुधबाजार के कपड़ा व्यापारी अरविंद गुप्ता बताते हैं इस बार सूरत के डिजाइनर लहंगों की अच्छी बिक्री हो रही है। दुल्हनें ऐसे लहंगे पसंद कर रही हैं जो शादी के साथ रिसेप्शन में भी पहने जा सकें। खाटली वर्क और हैंड एम्ब्रॉयडरी वाले डिजाइन ज्यादा चल रहे हैं।

साड़ी और गाउन की भी खूब वैरायटी
दुल्हनों के साथ उनकी सहेलियां और परिवार की महिलाएं भी खरीदारी में पीछे नहीं हैं। बाजार में बनारसी, कांजीवरम, ऑर्गेंजा, सिल्क, नेट और सीक्विन वर्क साड़ियों की भरपूर वैरायटी उपलब्ध है। कई दुकानों पर रेडीमेड के साथ कस्टमाइज्ड लहंगे और गाउन भी तैयार किए जा रहे हैं।

कस्टमाइज्ड डिजाइन के मिल रहे आर्डर
ताड़ीखाना बाजार में व्यापारी रोहित बंसल ने बताया कि दुल्हनों के साथ उनकी बहनें और रिश्तेदार भी मैचिंग साड़ी और गाउन खरीद रही हैं। इस बार पेस्टल और हल्के रंगों की मांग ज्यादा है। कस्टमाइज्ड डिजाइन के लिए भी अच्छे ऑर्डर मिल रहे हैं।

चार हजार से 30 हजार तक की रेंज
सहालग के चलते दुकानों पर विशेष ऑफर और पैकेज भी दिए जा रहे हैं। लहंगों की शुरुआती कीमत करीब चार हजार रुपये है, जबकि हैवी डिजाइनर ब्राइडल लहंगे 25 से 30 हजार रुपये तक उपलब्ध हैं। दुकानदारों के अनुसार पिछले साल की तुलना में इस बार बिक्री में अच्छा इजाफा हुआ है। शादी की तैयारियों में जुटी दुल्हनें फैशन और परंपरा का संतुलन बनाए रखते हुए खरीदारी कर रही हैं।

संबंधित समाचार