Bareilly : 40 हजार उपभोक्ताओं को मिली बेहतर बिजली आपूर्ति की सौगात

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

आंवला के बड़ा गांव में नया सब स्टेशन शुरू, सीबीगंज और लोहिया विहार की लाइन को आपस में जोड़ा

बरेली, अमृत विचार। पिछले साल के बिजली संकट को देखते हुए इस बार मुख्य अभियंता ज्ञान प्रकाश ने गर्मी में बेहतर बिजली आपूर्ति देने के लिए सर्दी की शुरुआत से ही योजना बनाकर काम शुरू करा दिए थे। इसका असर अब दिखने लगा है। किला और सुभाषनगर की बिजली समस्या समाप्त करने के बाद अब ग्रामीण क्षेत्र में भी होली से पहले बिजली नेटवर्क को मजबूत किया गया है। इससे 40 हजार से अधिक उपभोक्ताओं को गर्मी में बिजली की किल्लत से परेशान नहीं होना पड़ेगा।

बरेली जोन प्रथम के मुख्य अभियंता ज्ञान प्रकाश ने गुरुवार को बताया कि आंवला का बड़ा गांव बिजलीघर भी शुरू हो गया। इसके शुरू होने से पुन्नापुर, बरसेर, अलीगंज उपकेंद्र का लोड कम होगा। इससे ग्रामीण उपभोक्ताओं को लाभ मिलने के साथ बिजली कटौती से राहत मिलेगी। वहीं आरडीएसएस योजना के तहत ही फरीदपुर में 12.5 किमी 33 केवी लाइन डाली गई है। इसके जरिये 220/33 केवी फरीदपुर उपकेंद्र से पड़ेरा फीडर को ऊर्जीकृत कर दिया गया है। अब तक यह फरीदपुर तहसील के 33/11 केवी उपकेंद्र से जुड़ा था, जो ओवरलोड था। नई लाइन बिछ जाने से इस फीडर से जुड़े 3,500 उपभोक्ताओं को निर्बाध विद्युत आपूर्ति मिलने लगी है।

सीबीगंज और लोहिया विहार में आए दिन लोकल फाल्ट की समस्या बनी रहती है। गर्मी का सीजन शुरू होने से पहले विद्युत विभाग इस समस्या का स्थायी समाधान कराने के लिए सीबीगंज से लोहिया विहार को लिंक लाइन से जोड़ने के लिए दो किमी का अलग से अंडरग्राउंड लाइन बिछवा रहा है। सीबीगंज में 25 हजार तो लोहिया विहार में चार हजार उपभोक्ता हैं। मुख्य अभियंता ज्ञान प्रकाश ने बताया कि आरडीएसएस योजना के अंतर्गत लाइन बिछवाई जा रही है। लिंक लाइन से दोनों उपकेंद्र जुड़ जाएंगे। एक तरफ फाल्ट होने पर दूसरी तरफ की लाइन से जोड़कर तत्काल आपूर्ति सुचारू करा दी जाएगी।

शहर से लेकर देहात तक में बिजली नेटवर्क को मजबूत किया जा रहा है। आंवला के बड़ा गांव का सबस्टेशन शुरू हो गया है। फरीदपुर में लिंक लाइन का निर्माण किया गया है। इसके साथ ही सीबीगंज और लोहिया विहार सबस्टेशन को आपस में कनेक्ट किया गया है, जिससे बेहतर बिजली आपूर्ति मिल सके। -ज्ञान प्रकाश, मुख्य अभियंता।

महाशिवरात्रि पर मिलेगी निर्बाध विद्युत आपूर्ति
मुख्य अभियंता ज्ञान प्रकाश की तरफ से महाशिवरात्रि पर निर्बाध विद्युत आपूर्ति को लेकर गुरुवार को अधिशासी अभियन्ता / उपखंड अधिकारियों के साथ महाशिवरात्रि पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को बनाये रखते हुए निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित किये जाने को लेकर वीडियो कान्फ्रेसिंग की। उन्होंने महाशिवरात्रि के दिन एवं उससे पूर्व संध्या से ही सभी प्रमुख मंदिरों, कांवड़ मार्गों और संवेदनशील क्षेत्रों में रोस्टर-फ्री बिजली आपूर्ति सुनिश्चित किये जाने के निर्देश दिये गये। वहीं अधिकारियों को कांवड़ यात्रा मार्गों पर ढीले तारों को कसने और नीचे लटकते विद्युत तारों को ऊंचा करने के निर्देश दिये। नाथ नगरी के प्रमुख 7 मंदिरों अलखनाथ, त्रिवटीनाथ, धोपेश्वरनाथ, पशुपतिनाथ के आसपास अतिरिक्त परिवर्तक की व्यवस्था रखने और जर्जर तारों को तुरंत बदलने के निर्देश दिये। अधीक्षण अभियन्ताओं को अपने-अपने क्षेत्रों में कार्यों की निगरानी करने तथा अधिशासी अभियन्ताओं को स्थानीय प्रशासन और मन्दिर समितियों के साथ संपर्क बनाए रखने को कहा गया है। वही नगरीय अधीक्षण अभियंता धर्मेंद्र सिंह ने बेहतर बिजली आपूर्ति को लेकर अधिकारियों की ड्यूटी लगाई है।

संबंधित समाचार