एसआईआर: विशेष अभियान 22 को, मतदाता सूची पढ़कर सुनाएंगे बीएलओ
बूथ लेवल अधिकारियों को सुबह 10.30 बजे से सायं 4. 30 बजे तक उपस्थित रहने के निर्देश
बरेली, अमृत विचार। भारत निर्वाचन आयोग ने 1 जनवरी 2026 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों का विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत दावे और आपत्तियां प्राप्त करने की अवधि में विशेष अभियान के लिए 22 फरवरी की तारीख निर्धारित की है। बीएलओ मतदाता सूची पढ़कर सुनाएंगे और नए वोटरों के फार्म भरवाएंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी अविनाश सिंह ने बताया है कि आयोग के निर्देश पर 118-बहेड़ी, 119-मीरगंज, 120-भोजीपुरा, 121-नवाबगंज, 122-फरीदपुर, 123-बिथरी चैनपुर, 124-बरेली, 125-बरेली कैंट व 126-आंवला के समस्त 3835 बूथ लेवल अधिकारियों को 22 फरवरी को सुबह 10.30 बजे से सायं 4. 30 बजे तक उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं। 6 जनवरी को प्रकाशित हुई मतदाता सूची में मृतक, स्थानांतरित, अनुपस्थित व दोहरी प्रविष्टि व गणना प्रपत्र हस्ताक्षर कर बीएलओ को वापस न देने के कारण जिनके नाम कट गए हैं, उनके नामों की सूची को पढ़कर सुनाया जायेगा। नामों का सत्यापन किया जाएगा। बीएलओ के पास फार्म-6, 7 एवं फार्म-8 उपलब्ध रहेंगे। जो व्यक्ति 1 जनवरी 2026 की अर्हता तिथि के अतिरिक्त 1 अप्रैल, 2026, 1 जुलाई, 2026 व 1 अक्टूबर, 2026 को अर्ह हो रहे हैं, या कोई पात्र व्यक्ति 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुका है या फिर मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से छूट गया है तो ऐसे व्यक्ति अपना नाम मतदाता सूची में शामिल कराने को फार्म-6 के साथ घोषणापत्र भरकर बूथ लेवल अधिकारी के पास जमा कर सकते हैं। विशेष अभियान के दौरान निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी भ्रमण करेंगे। समस्त सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों एवं सुपरवाइजरों की उपस्थिति भी सुनिश्चित कराएंगे। जनसामान्य की सुविधा के लिए समस्त 1941 मतदान केन्द्रों पर मतदाता हेल्प डेस्क बनायी गयी है। अधिक जानकारी के लिए मतदाता हेल्पलाइन 0581-1950 पर संपर्क भी कर सकते हैं।
