खाली भूमि में मैरिज लॉन और पार्किंग बनाएगा नगर निगम, आय बढ़ाने की तैयारी में महापौर ने किया निरीक्षण
खाली भूमि का सीमांकन कराकर बाउंड्रीवाल कराने के निर्देश
लखनऊ, अमृत विचार : नगर निगम खाली पड़ी अपनी भूमि पर मैरिज लॉन, सामुदायिक सुविधाएं, पार्किंग, व्यावसायिक उपयोग व अन्य परियोजनाएं विकसित करेगा। इससे लोगों को सुविधा मिलेगी और नगर निगम की आय बढ़ेगी। शुक्रवार को महापौर सुषमा खर्कवाल ने नगर आयुक्त गौरव कुमार के साथ जोन-8 के ग्राम हरिहरपुर एवं अंसल खेवली का निरीक्षण किया। खाली भूमि के संरक्षण व सदुपयोग के निर्देश दिए।
महापौर ने नगर निगम की परिसंपत्तियों की स्थिति का जायजा लिया। हरिहरपुर एवं खेवली गांव में नगर निगम की खाली पड़ी भूमि का स्थलीय अवलोकन किया। संबंधित अधिकारियों से भूमि की वर्तमान स्थिति, स्वामित्व अभिलेख, सीमांकन और उपयोग की संभावनाओं की विस्तृत जानकारी की। अधिकारियों को निर्देशित किया कि खाली पड़ी भूमि तत्काल सीमांकन कराते हुए तारबाड़ एवं बाउंड्री वॉल कराएं, ताकि भविष्य में किसी प्रकार का अतिक्रमण न हो सके। उन्होंने स्पष्ट कहा कि नगर निगम की संपत्तियों का संरक्षण प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाए। खाली पड़ी भूमी योजनाबद्ध तरीके से सदुपयोग किया जाए, इससे नगर निगम की आय में वृद्धि हो सके। सुझाव दिया कि आवश्यकता के अनुसार इन स्थलों पर सामुदायिक सुविधाएं, पार्किंग, व्यावसायिक उपयोग अथवा अन्य राजस्व सृजन से संबंधित परियोजनाएं विकसित की जा सकती हैं। एक समग्र कार्ययोजना तैयार करके उपलब्ध कराएं। नगर आयुक्त ने संबंधित विभागों को भूमि का विस्तृत सर्वेक्षण कर रिपोर्ट मांगी।
