Bareilly: एसआईआर...समय सीमा बढ़ने से मतदाताओं को राहत
बरेली, अमृत विचार। विधानसभा चुनाव के लिए मतदाता सूचियों के लिए चल रहे विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण में दावे और आपत्तियां दाखिल करने की समय सीमा एक माह बढ़ा दिए जाने से मतदाताओं को राहत मिली है। दावे-आपत्तियां दाखिल करने की समय सीमा शुक्रवार को समाप्त हो रही थी। इससे निर्वाचन आयोग ने समय सीमा बढ़ा दी।
विधानसभा क्षेत्रों की मतदाता सूचियों को दुरुस्त कराने के लिए विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कराकर मतदाता सूची तैयार की गयी। इसमें मतदाताओं को दावे-आपत्तियां देने के लिए 6 फरवरी की समय सीमा निर्धारित थी, लेकिन भारत निर्वाचन आयोग ने शुक्रवार को दावे-आपत्तियां देने की तारीख बढ़ाकर मतदाताओं को बढ़ी राहत दी है। अब मतदाता 6 मार्च तक दावे-आपत्तियां दे सकेंगे। अब 10 अप्रैल को मतदाता सूचियों का फाइनल प्रकाशन कराने की तारीख निर्धारित की गयी है।
एसआईआर के दूसरे चरण में अभी तक जिलेभर में मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए सभी तहसीलों में 134635 फार्म-6 भरे गए हैं। मतदाता सूची से नाम हटाने के लिए फार्म-7 भरकर 1460 लोगों ने आपत्तियां दर्ज करायी हैं, जबकि मतदाता सूची में दर्ज नाम में संशोधन कराने के लिए 31648 लोगाें ने फार्म-8 भरा है। जिला निर्वाचन कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार अभी एईआरओ स्तर पर 1066 फार्म-6, 256 फार्म-7 ओर 3238 फार्म-8 लंबित हैं। 898 फार्म-6 और 77 फार्म-8 डिस्पोज्ड हो चुके हैं, जबकि 133737 फार्म-6, 1459 फार्म-7 और 31571 फार्म-8 डिस्पोजल के लिए पेंडिंग हैं।
अभी तक इतने भर फार्म भरे गए
विधानसभा फार्म-6, फार्म-7 फार्म-8
बहेड़ी 12663 187 4312
मीरगंज 9565 152 2543
भोजीपुरा 20013 253 3287
नवाबगंज 11128 152 3398
फरीदपुर 16365 93 1975
बिथरी 15335 156 2665
बरेली शहर 20880 152 7173
बरेली कैंट 18664 162 4682
आंवला 10022 153 1613
लाखों मतदाताओं के नोटिसों पर 27 फरवरी तक होगी सुनवाई
- भारत निर्वाचन आयोग की ओर से जिला निर्वाचन कार्यालय को 358387 लोगों का त्रुटिपूर्ण डाटा भेजा गया है, एक ही व्यक्ति से 6-7 लोगों की मैपिंग, नाम में त्रुटि, माता-पिता व बच्चों की उम्र में मात्र 10-15 साल का अंतर होने की गड़बड़ियां शामिल हैं, इनको नोटिस जारी करने की तैयारी शुरू हो गयी है। इन नोटिसों पर 27 फरवरी तक सुनवाई होगी।
