कानून-व्यवस्था पर जीरो टॉलरेंस नीति लागू : जयवीर सिंह
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा है कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति सुदृढ़ है और गुंडों-माफियाओं के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है। शनिवार को पत्रकारों से बातचीत में एक लाख लोगों के लापता होने संबंधी प्रश्न पर उन्होंने कहा कि पुलिस अभिलेखों में गुमशुदगी और बरामदगी दोनों का विधिवत पंजीकरण किया जाता है।
पुलिस को स्पष्ट निर्देश हैं कि कानून-व्यवस्था से कोई खिलवाड़ न कर सके और अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने दावा किया कि राष्ट्रीय मानकों पर उत्तर प्रदेश का प्रदर्शन बेहतर है। बसपा अध्यक्ष मायावती द्वारा ब्राह्मण समाज के संबंध में दिए गए बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए श्री सिंह ने कहा कि किसी भी वर्ग के सम्मान पर आंच नहीं आने दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि एक वेब सीरीज के निर्माता के विरुद्ध कथित आपत्तिजनक प्रस्तुति को लेकर प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। उन्होंने कहा कि किसी भी समाज के प्रति अमर्यादित टिप्पणी स्वीकार नहीं की जाएगी। दिल्ली में निर्माण कार्य के दौरान हाल में हुई दो मौतों के संबंध में पूछे गए प्रश्न पर उन्होंने कहा कि वहां संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई है और जांच के निर्देश दिए गए हैं। भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए कड़े प्रावधान किए जाएंगे।
मैनपुरी जिले के बेवर में ट्रॉमा सेंटर अब तक शुरू न होने के संबंध में उन्होंने कहा कि मुख्य चिकित्साधिकारी इस विषय में शासन को अवगत कराएं। उन्होंने अपने स्तर से ट्रॉमा सेंटर शीघ्र शुरू कराने का प्रयास करने की बात कही।
उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि केंद्रीय बजट में प्रत्येक जिले में ट्रॉमा सेंटर स्थापित करने का प्रावधान किया गया है। केंद्रीय बजट पर टिप्पणी करते हुए मंत्री ने कहा कि इसमें सभी वर्गों के हितों का ध्यान रखा गया है। लोकसभा में विपक्षी सदस्यों को बोलने का अवसर न मिलने संबंधी प्रश्न पर उन्होंने कहा कि संसद और विधानमंडल की कार्यवाही अध्यक्ष एवं सभापति के निर्देशों तथा निर्धारित नियमों के अनुसार संचालित होती है।
