Amethi News: सुबह सैर पर निकले दो लोगों को अज्ञात ट्रक ने मारी टक्कर, एक की मौत, अन्य घायल
अमेठीः अमेठी थाना क्षेत्र अंतर्गत बियासिया गांव के पास शनिवार सुबह की सैर पर निकले दो लोगों को कथित तौर पर एक तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी, जिससे एक व्यक्ति की मौत हो गई और दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक, घायलों की पहचान कमलेश सिंह (55) और रामशंकर तिवारी (50) के तौर पर हुई है। दोनों अमेठी के महाराजपुर के निवासी हैं। इस घटना में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए और उनहें जिला अस्पताल ले जाया गया जहां सिंह को मृत घोषित कर दिया गया। तिवारी का अभी इलाज हो रहा है।
अधिकारियों ने बताया कि हादसे के बाद चालक ट्रक समेत भागने में कामयाब रहा। अमेठी के थाना प्रभारी रवि सिंह ने कहा कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और सीसीटीवी कैमरों की मदद से ट्रक का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।
