पाकिस्तान में चर्चा का विषय बना Gulfstream G500, 1000 करोड़ की शाही सवारी पर भड़के लोग 

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

लाहौर। पाकिस्तान के पंजाब प्रांत की मुख्यमंत्री मरियम नवाज अपने निजी इस्तेमाल के लिए 11.7 अरब पाकिस्तानी रुपये (पीकेआर) का एक आलीशान विमान खरीदने के मामले में कड़ी आलोचनाओं का सामना कर रही हैं। स्ट्रैटकॉम ब्यूरो के अनुसार, पंजाब सरकार ने वीआईपी परिवहन के लिए 2019 में निर्मित एक नया गल्फस्ट्रीम जी500 विमान खरीदा है। इसने कहा कि विमान की अनुमानित कीमत लगभग 4.2 करोड़ अमेरिकी डॉलर (11.7 अरब पीकेआर) है। 

पंजाब की सूचना मंत्री आजमा बुखारी ने कहा कि मरियम नवाज प्रशासन ने प्रस्तावित ''एयर पंजाब'' बेड़े के हिस्से के रूप में 19 सीट वाला वीआईपी विमान हासिल किया है। विपक्षी दल पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ और जमात-ए-इस्लामी ने पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ की बेटी मरियम नवाज की सार्वजनिक निधि का इस्तेमाल अपने निजी विलासितापूर्ण जीवन शैली के लिए करने के लिए कड़ी आलोचना की। 

पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व संघीय मंत्री मूनिस इलाही ने कहा, ''पंजाब की मुख्यमंत्री ने 11,000 करोड़ पीकेआर की लागत से एक विमान खरीदा है, जबकि पाकिस्तान की पूरी राष्ट्रीय एयरलाइन - पीआईए - को मात्र 10 अरब पीकेआर में बेच दिया गया था।'' 

उन्होंने कहा, ''पंजाब, 13 करोड़ की आबादी वाला एक प्रांत है, जहां लोग भोजन, स्वच्छ पानी या चिकित्सा उपचार जैसी बुनियादी जरूरतों को भी वहन नहीं कर सकते, और जहां सीवर कवर के लिए भी धन की कमी है और वहां मुख्यमंत्री के लिए एक विमान पर 11 अरब पाकिस्तानी रुपये खर्च किये गये।'' 

जमात-ए-इस्लामी के प्रमुख हाफिज नईमुर रहमान ने मरियम नवाज की इस बात के लिए कड़ी आलोचना की कि उन्होंने अपने निजी इस्तेमाल के लिए एक महंगा और आलीशान विमान खरीदा है, जबकि प्रांत में बच्चों के कुपोषण, गरीबी और सामाजिक समस्याओं में तेजी से वृद्धि हो रही है। 

उन्होंने पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस (पीआईए) को बहुत कम कीमत पर बेचने के लिए प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की आलोचना करते हुए कहा, ''एक ओर पंजाब में बच्चों और महिलाओं में कुपोषण के मामलों में जबरदस्त वृद्धि देखी जा रही है, वहीं दूसरी ओर मुख्यमंत्री के लिए 10 अरब पीकेआर से अधिक कीमत का एक आलीशान विमान खरीदा गया है।''

ये भी पढ़ें : 
अमेरिकी टेरिफ घटने से भारतीय सामानों पर कम होगा बोझ, जानिए विशेषषज्ञों की राय  

 

संबंधित समाचार