PM मोदी के दौरे से पहले मेरठ पहुंचे सीएम योगी : तैयारियों का लिया जायजा, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
मेरठ। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के रविवार को प्रस्तावित मेरठ दौरे से एक दिन पहले शनिवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यहां तैयारियों की समीक्षा की। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी। मुख्यमंत्री दोपहर करीब दो बजे शताब्दी नगर स्टेशन पहुंचे, जहां उन्होंने व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
इस दौरान सांसद अरुण गोविल भी उनके साथ मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने स्टेशन परिसर की साफ-सफाई, सुरक्षा प्रबंधन और अन्य सुविधाओं की समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। अधिकारियों ने बताया कि प्रधानमंत्री के दौरे को देखते हुए बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। शहर के प्रमुख मार्गों पर बैरिकेडिंग की जा रही है तथा चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम स्थल पर पेयजल, शौचालय, बिजली और बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं। एक आधिकारिक बयान के अनुसार, 22 फरवरी को प्रधानमंत्री मोदी संपूर्ण 82 किलोमीटर लंबे 'दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर' को राष्ट्र को समर्पित करेंगे।
वह भारत की पहली 'नमो भारत रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम' (आरआरटीएस) के शेष खंडों का उद्घाटन करेंगे, जिनमें दिल्ली में सराय काले खां और न्यू अशोक नगर के बीच का पांच किलोमीटर का खंड और उत्तर प्रदेश में मेरठ साउथ और मोदीपुरम के बीच का 21 किलोमीटर का खंड शामिल है।
प्रधानमंत्री मेरठ साउथ और मोदीपुरम के बीच चलने वाली मेरठ मेट्रो सेवाओं का भी उद्घाटन करेंगे। यह नमो भारत के बुनियादी ढांचे पर ही संचालित होगी, जो देश में अपनी तरह की पहली पहल है। बयान के अनुसार, मोदी मेरठ के मोहिउद्दीनपुर रैली ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में उद्घाटन करेंगे।
