Gold-Silver Price Today: मजबूत वैश्विक संकेतों से सोना-चांदी कीमतों में तेजी, जानिए आज का भाव  

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

दिल्ली। मजबूत वैश्विक संकेतों के बीच अंतरराष्ट्रीय बाजारों में मजबूती के रुख के अनुरूप वायदा कारोबार में सोमवार को सोने की कीमत 2,946 रुपये की तेजी के साथ 1,59,822 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गयी। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज में अप्रैल माह में आपूर्ति वाले अनुबंध का भाव 2,946 रुपये यानी 1.88 प्रतिशत की तेजी के साथ 1,59,822 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया। इसमें 7,515 लॉट का कारोबार हुआ। 

अंतरराष्ट्रीय बाजार, कॉमेक्स में सोना वायदा 96.61 डॉलर अथवा 1.9 प्रतिशत बढ़कर 5,177.51 डॉलर प्रति औंस हो गया। इंडसइंड सिक्योरिटीज के वरिष्ठ अनुसंधान विश्लेषक जिगर त्रिवेदी के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना चढ़ गया, क्योंकि नए सिरे से टैरिफ चिंताओं ने सुरक्षित-संपत्ति की ओर बढ़ने को प्रेरित किया। 

ताजा वैश्विक शुल्क तनाव के बाद सुरक्षित निवेश के लिए उपयुक्त मानी जाने वाली परिसंपत्तियों की मांग बढ़ने के कारण वायदा कारोबार में सोमवार को चांदी की कीमत 5 प्रतिशत की तेजी के साथ 2,65,282 रुपये प्रति किग्रा हो गया। मल्टी कमोडिटी एक्स्चेंज में चांदी के मार्च महीने में डिलीवरी वाले अनुबंध की कीमत 12,338 रुपये यानी 4.88 प्रतिशत की तेजी के साथ 2,65,282 रुपये प्रति किलोग्राम हो गया। 

इसमें 6,024 लॉट का कारोबार हुआ। अंतरराष्ट्रीय बाजार, कॉमेक्स चांदी वायदा के मार्च डिलीवरी वाले अनुबंध की कीमत 5.58 प्रतिशत अथवा 4.5 डॉलर की तेजी के साथ 86.93 डॉलर प्रति औंस हो गई। इंडसइंड सिक्योरिटीज के वरिष्ठ शोध विश्लेषक जिगर त्रिवेदी ने कहा कि नए शुल्क तनाव के कारण सुरक्षित-संपत्ति की मांग बढ़ने से चांदी 5 प्रतिशत से ऊपर चढ़ गई, जिससे चौथे सत्र में लाभ बढ़ा। 

संबंधित समाचार